बौद्ध भिक्षु का वेश धरकर पासपोर्ट फर्जीवाड़ा, 90 दिन की जांच में खुला पूरा सिंडिकेट, 7 आरोपियों के खिलाफ अभियोजन को हरी झंडी
एसटीएफ की 90 दिन की जांच में बौद्ध भिक्षु का वेश धारण कर बांग्लादेशी घुसपैठियों को भारतीय पासपोर्ट दिलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। ग्वालियर कलेक्टर ने सात आरोपियों के खिलाफ अभियोजन की अनुमति दी है, जिसमें 70 बांग्लादेशियों के पासपोर्ट बने और 66 अभी भी फरार हैं।

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
गिरोह ने बौद्ध भिक्षु का वेश धारण कर फर्जीवाड़ा किया।
एसटीएफ की 90 दिन की जांच में सिंडिकेट का खुलासा।
70 बांग्लादेशियों के पासपोर्ट बने, 66 घुसपैठिए अभी फरार।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। बौद्ध भिक्षु का वेश धारण कर बांग्लादेशी घुसपैठियों को भारतीय पासपोर्ट दिलाने वाले संगठित गिरोह की साजिश अब जांच में पूरी तरह उजागर हो गई है। एसटीएफ की 90 दिन तक चली जांच में ऐसे दस्तावेजी साक्ष्य जुटाए गए हैं, जिनसे गिरोह के मास्टरमाइंड और उसके सहयोगियों की भूमिका सामने आई है। जांच के आधार पर ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान ने गिरफ्तार किए गए सातों आरोपियों के खिलाफ अभियोजन चलाने की अनुमति दे दी है।
जांच एजेंसियों को इस नेटवर्क का सुराग तब मिला, जब सिमरिया टेकरी, वार्ड-1 के एक ही पते और मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर 17 पासपोर्ट जारी कराने की गड़बड़ी सामने आई। इसी संदिग्ध रिकॉर्ड ने पूरे फर्जीवाड़े की परतें खोल दीं।
मठों की आड़ में बनाया फर्जी पहचान का नेटवर्क
एसटीएफ की जांच में सामने आया कि गिरोह के मास्टरमाइंड रियाल चौधरी उर्फ मित्यानंद भिक्षु ने अपने साथियों के साथ बौद्ध भिक्षु का रूप धारण कर मठों में पैठ बनाई। इसके बाद फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनके जरिए बांग्लादेशी नागरिकों के भारतीय पासपोर्ट बनवाए गए। धार्मिक पहचान और मठों की आड़ में सरकारी दस्तावेजों की प्रक्रिया को धोखे से पूरा कराया गया।
इस मामले में सबसे पहले मुख्य आरोपी रियाल चौधरी गिरफ्तार हुआ था। इसके बाद विप्लव अधिकारी, प्रयॉन रॉय, जॉय चौधरी, गयाप्रसाद गौतम उर्फ ज्ञानज्योति भंते, गुलाबराय गौतम उर्फ सम्यकबोधि भंते और भोपाल पासपोर्ट सेल के एजेंट नसीम अख्तर को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया।
70 बांग्लादेशियों के बनवाए पासपोर्ट, 66 की तलाश जारी
गिरोह ने डबरा के अलावा भोपाल, बैतूल, पांढुर्ना और छिंदवाड़ा में भी फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बांग्लादेशी नागरिकों के पासपोर्ट बनवाए थे। जांच में ऐसे कुल 70 लोगों की पहचान हुई है, जिनके भारतीय पासपोर्ट इस नेटवर्क के जरिए तैयार कराए गए।
इनमें से अब तक चार बांग्लादेशी घुसपैठियों को ही पकड़ा जा सका है, जबकि बाकी 66 की तलाश जारी है। आरोपियों के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी मिलने के बाद अब मामले में न्यायिक कार्रवाई आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया है।
फरार आरोपियों और उनके मददगारों की तलाश चल रही है। अभियोजन चलाने की अनुमति सात आरोपियों के खिलाफ मिल गई है।
-राजेश सिंह भदौरिया, एसपी भोपाल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।