मात्र 1 रुपये में टीवी, फ्रिज और RO... दीपावली पर ग्वालियर में नगर निगम की पहल से जरूरतमंदों के खिले चेहरे
ग्वालियर नगर निगम ने 'स्वच्छ दीवाली, एक रुपये वाली' अभियान के तहत जरूरतमंदों को मात्र एक रुपये में टीवी, फ्रिज, ...और पढ़ें

सामान लेकर जाता एक जरूरतमंद परिवार। (सौजन्य- ग्वालियर ननि जनसंपर्क)
HighLights
ग्वालियर नगर निगम ने 'स्वच्छ दीवाली, एक रुपये वाली' अभियान चलाया।
जरूरतमंदों को मात्र एक रुपये में उपयोगी घरेलू सामान मिले।
25 हजार से अधिक पुरानी वस्तुओं का पुन: उपयोग सुनिश्चित हुआ।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। किसी के घर में जगह घेर रहा पुराना टीवी दूसरे परिवार के मनोरंजन का साधन बन गया, तो किसी के लिए अनुपयोगी हो चुका फ्रिज जरूरतमंद के घर की बड़ी जरूरत पूरी करने का जरिया। किसी को एक रुपये में डबल बेड मिला तो किसी ने सर्दी से बचने के लिए रूम हीटर खरीद लिया। ग्वालियर में नगर निगम के एक अनूठे अभियान ने पुरानी वस्तुओं को नई उपयोगिता देने के साथ कई जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।
बाल भवन में गुरुवार को नगर निगम के 'स्वच्छ दीवाली, एक रुपये वाली' अभियान के तहत सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां टीवी, फ्रिज, आरओ, पलंग और रूम हीटर जैसी वस्तुएं महज एक रुपये में जरूरतमंदों को उपलब्ध कराई गईं। लोगों के लिए यह सिर्फ सस्ते में सामान मिलने का मौका नहीं था, बल्कि लंबे समय से अधूरी घरेलू जरूरतों को पूरा करने की खुशी भी थी।
किसी ने चुना टीवी तो किसी ने फ्रिज और आरओ
सामग्री वितरण के दौरान जरूरतमंद परिवार अपनी-अपनी जरूरत के हिसाब से सामान चुनते नजर आए। रूपसिंह स्टेडियम के पास रहने वाली ओमवती वाल्मीक अपने परिवार के लिए टीवी लेने पहुंचीं। वहीं, मेंहदी वाले सैयद गोल पहाड़िया निवासी सुमन कुशवाह ने फ्रिज को प्राथमिकता दी।

इरफान खान ने घर के लिए पलंग लिया, जबकि भावना ने सर्दी के मौसम को देखते हुए रूम हीटर चुना। सिकंदर कंपू निवासी ममता ने परिवार को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आरओ लिया। सामान मिलने के बाद लोगों के चेहरे पर संतुष्टि और खुशी साफ नजर आई। कई लोग अपनी नई मिली वस्तुओं को सुरक्षित घर पहुंचाने की व्यवस्था करते दिखाई दिए।
कार्यक्रम में निगमायुक्त अभिषेक चौधरी, अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव और स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) के उपायुक्त मुकेश बंसल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
शहरवासियों ने दान कीं 25 हजार से ज्यादा वस्तुएं
नगर निगम ने दीपावली के दौरान घरों से निकलने वाली उपयोगी वस्तुओं को कचरे में जाने से बचाने और जरूरतमंदों तक पहुंचाने के उद्देश्य से 21 अक्टूबर को यह अभियान शुरू किया था। इस बार शहरवासियों ने अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कुल 25,067 उपयोगी वस्तुएं जमा कराई गईं, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा लगभग पांच हजार था। यानी एक साल में अभियान के प्रति लोगों का जुड़ाव कई गुना बढ़ा है।

कपड़ों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक सामान तक का दान
अभियान में जमा हुई वस्तुओं में सबसे ज्यादा कपड़े शामिल हैं। इनके अलावा जूते, किताबें, कंबल, खिलौने और इलेक्ट्रानिक सामान भी बड़ी संख्या में मिले।
इस नेक अभियान के तहत 21,318 कपड़े, 803 जोड़ी जूते, 451 कंबल, बोतलें – 844, किताबें – 453, इलेक्ट्रानिक आइटम – 192, खिलौने – 192 समेत अन्य उपयोगी सामग्रियां एकत्र हुईं, जिन्हें जरूरतमंदों को वितरित किया गया।

कचरे में जाने से बचीं चीजें, जरूरतमंदों के घर पहुंचीं
नगर निगम के इस अभियान ने स्वच्छता के साथ सामाजिक सरोकार की भी मिसाल पेश की है। अक्सर घरों में पुरानी हो चुकी लेकिन इस्तेमाल के लायक वस्तुएं कबाड़ या कचरे में चली जाती हैं। इस पहल के जरिए ऐसी चीजों को दोबारा उपयोग में लाकर जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाया गया।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर के क्लीनिक में युवक के मोबाइल में ब्लास्ट, उठीं आग की लपटें; CCTV में कैद हुई घटना
इससे एक तरफ कचरे का बोझ कम करने और संसाधनों के पुनः उपयोग को बढ़ावा मिला, वहीं दूसरी तरफ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को कम कीमत में घरेलू जरूरत का सामान उपलब्ध हुआ। अभियान ने शहरवासियों को यह संदेश भी दिया कि जो वस्तु एक परिवार के लिए अनुपयोगी है, वही दूसरे परिवार के लिए बड़ी जरूरत और खुशी का कारण बन सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।