न OTP बताया, न लिंक खोला... फिर भी ग्वालियर में CEO के खाते से उड़ गए 98 हजार रुपये
ग्वालियर में भितरवार जनपद पंचायत के सीईओ एलएन पिप्पल साइबर ठगी का शिकार हो गए, उनके बैंक खाते से 98 ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
भितरवार सीईओ एलएन पिप्पल साइबर ठगी के शिकार।
मोबाइल हैक कर एसबीआई खाते से 98 हजार रुपये निकाले।
ओटीपी साझा न करने पर भी ठगी, पुलिस जांच जारी।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। साइबर ठगों ने अब सरकारी अधिकारियों के बैंक खातों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ग्वालियर जिले की भितरवार जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) एलएन पिप्पल साइबर ठगी का शिकार हो गए। ठगों ने उनका मोबाइल हैक कर एसबीआई खाते से यूपीआई के जरिए 98 हजार रुपये निकाल लिए।
हैरानी की बात यह है कि जिस दौरान खाते से रकम निकाली जा रही थी, उसी समय उनका मोबाइल अचानक लॉक होकर काम करना बंद कर गया। सीईओ का कहना है कि उन्होंने न किसी को ओटीपी बताया, न किसी अनजान लिंक पर क्लिक किया और न ही किसी संदिग्ध व्यक्ति से बातचीत की।
मोबाइल लॉक, खाते से होने लगे ट्रांजैक्शन
पुलिस को दिए आवेदन के मुताबिक, एलएन पिप्पल का एसबीआई में भितरवार शाखा का खाता है। एक नवंबर को दोपहर करीब एक से तीन बजे के बीच उनका मोबाइल अचानक निष्क्रिय हो गया और स्क्रीन लॉक हो गई। कुछ समय बाद मोबाइल दोबारा चालू हुआ तो उन्होंने यूपीआई ऐप चेक किया। इसमें छह संदिग्ध ट्रांजैक्शन के प्रयास दिखाई दिए।
इनमें तीन ट्रांजैक्शन सफल रहे। ठगों ने अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर की।
- रोहित चुग के नाम पर 20 हजार रुपये।
- दसरी विश्वास के नाम पर 50 हजार रुपये।
- अजहरुल इस्लाम के नाम पर 28 हजार रुपये।
इस तरह खाते से कुल 98 हजार रुपये निकल गए।
1.90 लाख रुपये निकालने की कोशिश, तीन ट्रांजैक्शन फेल
ठगों ने तीन अन्य ट्रांजैक्शन के जरिए भी रकम निकालने की कोशिश की, लेकिन ये सफल नहीं हो सके। इनमें लालचंद टीया के नाम पर 12,100 रुपये, अमन के नाम पर 60 हजार रुपये और तारा कंवर के नाम पर 20 हजार रुपये ट्रांसफर करने का प्रयास किया गया।
इस तरह साइबर ठगों ने कुल 1.90 लाख रुपये से अधिक की रकम निकालने की कोशिश की थी। हालांकि, तीन ट्रांजैक्शन असफल रहने से 98 हजार रुपये ही खाते से निकल पाए।
यह भी पढ़ें- भिंड में बेटे की नशे की लत से परेशान पिता ने ही कराई हत्या, बोरी में भरकर बीहड़ में फेंका शव; चार आरोपी गिरफ्तार
साइबर सेल कर रही जांच
घटना के बाद सीईओ ने दो नवंबर को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके अलावा बैंक प्रबंधन और भितरवार थाने में लिखित आवेदन देकर एफआईआर दर्ज करने तथा ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।