भिंड में बेटे की नशे की लत से परेशान पिता ने ही कराई हत्या, बोरी में भरकर बीहड़ में फेंका शव; चार आरोपित गिरफ्तार
भिंड पुलिस ने एक अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है, जिसमें पिता ने बेटे की नशे की लत से ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
बेटे को नशामुक्ति केंद्र से निकालकर रास्ते में घोंटा गला।
मानपुरा के पास बोरी में भरकर जंगल में फेंका शव।
शव को जल्दी गलाने के लिए उस पर डाला नमक।
डिजिटल डेस्क, भिंड। जिले के देहात थाना क्षेत्र में मानपुरा के पास बोरी में मिले युवक के शव के अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। हत्या की साजिश किसी बाहरी दुश्मन ने नहीं, बल्कि मृतक के पिता ने ही रची थी। बेटे की नशे की लत और आए दिन होने वाले घरेलू विवादों से परेशान होकर पिता ने तीन लाख रुपये की सुपारी देकर उसकी हत्या करवा दी। पुलिस ने मामले में पिता सहित चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
आरोपितों ने पहले युवक को ग्वालियर के नशामुक्ति केंद्र से बाहर निकाला और फिर रास्ते में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को मानपुरा के पास बीहड़ में फेंक दिया। पुलिस के अनुसार, शव पर नमक भी डाला गया था, ताकि वह जल्दी गल जाए और पहचान करना मुश्किल हो।
छह महीने नशामुक्ति केंद्र में रहा, फिर करने लगा नशा
देहात थाना पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 26 वर्षीय रईस उर्फ शानू खान निवासी शिवपुरी मोहल्ला, उरई (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। स्वजन के अनुसार, रईस को नशे की लत थी। परिवार ने कई बार उसका नशामुक्ति केंद्र में उपचार कराया, लेकिन छह महीने तक इलाज चलने के बाद भी उसने दोबारा नशा करना शुरू कर दिया।
बीती छह सितंबर से उसे ग्वालियर के एक नशामुक्ति केंद्र में रखा गया था। बेटे की आदतों और घरेलू विवादों से परेशान होकर पिता रसीद खान ने कथित तौर पर उरई निवासी मोहम्मद इजराइल खान, मुन्ना खान और गुड्डू खान को तीन लाख रुपये में उसकी हत्या की सुपारी दी।
26 अक्टूबर को केंद्र से निकाला, रास्ते में घोंटा गला
पुलिस जांच में सामने आया कि 26 अक्टूबर को पिता रसीद खान बेटे रईस को नशामुक्ति केंद्र से बाहर लेकर आया था। इसके बाद आरोपितों ने रास्ते में उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को भिंड के मानपुरा के पास बीहड़ में फेंक दिया गया।
आरोपितों को उम्मीद थी कि बीहड़ में जंगली जानवर शव को खा जाएंगे और हत्या का राज सामने नहीं आएगा। पहचान छिपाने के इरादे से शव पर नमक डालने की बात भी पुलिस जांच में सामने आई है।
यह भी पढ़ें- सुहाग ने छीनीं सांसें: करवाचौथ पर जेठ ने दिए बिछिया, तो पति ने प्रेम प्रसंग के शक में पत्नी को मार डाला
तीन जगह के CCTV फुटेज से मिला सुराग
अंधे कत्ल की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के तीन स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इनमें कुछ संदिग्ध वाहन नजर आए। पुलिस ने तीन वाहनों की जानकारी जुटाकर उनके मालिकों से पूछताछ शुरू की।
इसी दौरान उरई निवासी ज्ञान सिंह ने बताया कि संदिग्ध वाहनों में से एक उसका है, जिसे उसने इजराइल नाम के व्यक्ति को किराए पर दिया था। पुलिस ने इजराइल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके बार-बार बयान बदलने से संदेह गहराया और आगे की पूछताछ में अन्य आरोपितों की भूमिका भी सामने आ गई।
इसके बाद पुलिस ने मृतक के पिता रसीद खान सहित मोहम्मद इजराइल खान, मुन्ना खान और गुड्डू खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
बोरी में मिली लाश की गुत्थी सुलझा ली है। आरोपित पिता ने ही सुपारी देकर बेटे की हत्या करवाई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गाड़ी की पहचान कर आरोपितों तक पहुंचे और पिता सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
-शिवप्रताप सिंह राजावत, टीआई, देहात थाना भिंड।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।