गोल्ड क्वाइन ट्रेडिंग का झांसा देकर ग्वालियर में 75 वर्षीय कारोबारी से 1.41 करोड़ की साइबर ठगी
ग्वालियर के मुरार में 75 वर्षीय कारोबारी दुर्गाशंकर नागर से ऑनलाइन गोल्ड क्वाइन ट्रेडिंग के नाम पर 1.41 करोड़ रुपये ...और पढ़ें

गोल्ड क्वाइन में निवेश का झांसा देकर ठगी (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। शहर के मुरार क्षेत्र में स्थित इंक्लेव रेसिडेंसी में रहने वाले 75 वर्षीय कारोबारी दुर्गाशंकर नागर साइबर ठगों के जाल में फंस गए। ऑनलाइन गोल्ड क्वाइन ट्रेडिंग के नाम पर उनसे 1 करोड़ 41 लाख 7 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। ठगों ने निवेश पर भारी मुनाफे का लालच देकर उनकी जीवनभर की जमा-पूंजी अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर करवा ली।
वेबसाइट और पे-वॉलेट पर मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाई देता रहा, लेकिन जब कारोबारी ने रकम निकालने की कोशिश की तो पैसा ट्रांसफर नहीं हुआ। यहीं से उन्हें फर्जीवाड़े का अंदेशा हुआ।
एसएसपी कार्यालय में दर्ज कराई शिकायत
पीड़ित कारोबारी ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत की और साइबर हेल्पलाइन पर भी जानकारी दी। इस संबंध में क्राइम ब्रांच थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। डीएसपी क्राइम ब्रांच नागेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि पुलिस बैंक खातों और डिजिटल लेन-देन के जरिए ठगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें- जमीन विवाद में खेत से लेकर अस्पताल तक जंग... पहले चलीं लाठियां, फिर एक-दूसरे पर फेंके कुर्सी-स्ट्रेचर
ई-मेल से शुरू हुआ ठगी का खेल
दुर्गाशंकर नागर ने पुलिस को बताया कि वे कार्टन निर्माण की फैक्ट्री संचालित करते हैं। 16 सितंबर को उनकी ई-मेल आईडी पर support@dgmcoins.vip से एक मेल आया, जिसमें गोल्ड क्वाइन में निवेश की आकर्षक स्कीम बताई गई थी। सोने के बढ़ते दाम देखकर उन्हें यह सौदा लाभदायक लगा।
उन्होंने मेल में दिए गए लिंक gold/dgmcoinfx.com पर लॉगिन किया। इसके बाद खुद को गोल्ड डीजीएम क्वाइन कंपनी का कर्मचारी बताने वाले कुछ लोगों ने फोन पर संपर्क किया और अलग-अलग किस्तों में विभिन्न बैंक खातों में पैसा जमा करवा लिया।
पे-वॉलेट में दिखा तीन करोड़ का मुनाफा
ठगों ने कारोबारी के नाम से एक पे-वॉलेट भी बनाया, जिसमें निवेश की गई रकम बढ़कर करीब तीन करोड़ रुपये दिखाई देने लगी। जनवरी में जब सोने की कीमत डेढ़ लाख रुपये के पार पहुंची, तो कारोबारी ने मुनाफा निकालने की कोशिश की। लेकिन रकम ट्रांसफर न होने पर उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
कैपिटल गेन टैक्स के नाम पर और 20 लाख हड़पे
जब कारोबारी ने दिए गए मोबाइल नंबरों और ई-मेल के जरिए संपर्क किया, तो ठगों ने कैपिटल गेन टैक्स चुकाने की बात कही। यह कहकर उनसे करीब 20 लाख रुपये और जमा करवा लिए गए। इसके बाद भी पैसा नहीं मिला, तब उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
फिलहाल पुलिस इस बड़े साइबर फ्रॉड की जांच में जुटी है और आम लोगों से अपील की जा रही है कि ऑनलाइन निवेश से पहले पूरी जांच-पड़ताल जरूर करें।
