विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्वालियर में कार चलाते समय बैंक मैनेजर को हार्ट अटैक, बेकाबू गाड़ी ने अन्य वाहनों को मारी टक्कर; राहगीरों ने CPR देकर बचाई जान

Published: Mon, 16 Nov 2026 07:22 PM (IST)

सिटी सेंटर में बैंक मैनेजर को कार चलाते समय दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर अन्य वाहनों ...और पढ़ें

कार में बैंक मैनेजर को सीपीआर देते लोग।

कार में बैंक मैनेजर को सीपीआर देते लोग।

HighLights

  1. ग्वालियर में बैंक प्रबंधक को कार चलाते समय आया हार्ट अटैक।

  2. अनियंत्रित कार ने आगे चल रहे अन्य वाहनों को मारी टक्कर।

  3. राहगीरों ने तत्काल सीपीआर देकर बचाई बैंक मैनेजर की जान।

डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। शहर के सिटी सेंटर इलाके में सोमवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यूनियन बैंक के मुख्य प्रबंधक गिर्राज बघेल को कार चलाते समय अचानक हार्ट अटैक आ गया। इससे उनकी कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही एक कार और दो दोपहिया वाहनों से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए बेहोश बैंक मैनेजर को कार से बाहर निकाला और तत्काल सीपीआर देना शुरू किया। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर दिया गया सीपीआर उनके लिए जीवनरक्षक साबित हुआ।

बैंक से घर लौटते समय बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक, यूनियन बैंक में मुख्य प्रबंधक के पद पर पदस्थ गिर्राज बघेल सोमवार शाम बैंक से अपनी कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सिटी सेंटर क्षेत्र में अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा। तबीयत बिगड़ने से वह कार पर नियंत्रण नहीं रख सके और वाहन आगे चल रही कार सहित दो दोपहिया वाहनों से टकरा गया।

राहगीरों ने संभाला मोर्चा

टक्कर के बाद कार में बेहोश पड़े बैंक मैनेजर को देखकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। लोगों ने उन्हें वाहन से बाहर निकाला और बिना देर किए सीपीआर देना शुरू कर दिया। इस दौरान हादसे में प्रभावित अन्य वाहन चालकों ने भी मदद की। बाद में गिर्राज बघेल को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों ने CPR को बताया अहम

अस्पताल में डॉक्टरों के मुताबिक, हार्ट अटैक के बाद मौके पर ही दिया गया सीपीआर बेहद अहम रहा। समय पर मिली इस मदद से उनकी जान बचाने में सहायता मिली। फिलहाल बैंक मैनेजर की हालत नाजुक बताई जा रही है और अस्पताल में उनका उपचार जारी है।

यह भी पढ़ें- ग्वालियर के फर्जी कॉल सेंटर से हर दिन हो रही थी छह लाख की ठगी, दो गिरफ्तार

ठंड में बढ़ जाता है खतरा

ठंड में शरीर की नसें सिकुड़ने से ब्लड प्रेशर बढ़ता है और दिल पर दबाव पड़ता है। सुबह जल्दी ठंड में टहलना, गर्म कपड़ों के बिना बाहर निकलना, ज्यादा तला-भुना खाना और धूम्रपान हार्ट अटैक का खतरा बढ़ा सकते हैं। डॉक्टरों ने 40 साल से अधिक उम्र के लोगों, बीपी, शुगर और कोलेस्ट्रॉल के मरीजों तथा दिल के पुराने मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह की सैर धूप निकलने के बाद करें, गर्म कपड़े पहनें, पर्याप्त पानी पिएं और भारी वजन उठाने से बचें। सीने में हल्का दर्द हो तो उसे गैस समझकर नजरअंदाज न करें।

हार्ट अटैक के समय घबराएं नहीं। गाड़ी चला रहे हों तो उसे तुरंत सड़क किनारे रोकें, हेडलाइट और इंडिकेटर चालू करें और मदद के लिए आवाज लगाएं। सीने में भारीपन, बाएं हाथ, जबड़े या पीठ में दर्द, सांस फूलना, पसीना आना और चक्कर आना इसके प्रमुख लक्षण हैं। ऐसी स्थिति में 108 या 112 पर कॉल करें। खुद गाड़ी चलाकर अस्पताल न जाएं। यदि डॉक्टर ने पहले से सोर्बिट्रेट टैबलेट दी है तो उसे जीभ के नीचे रखें। एस्पिरिन चबाकर खा सकते हैं, लेकिन डॉक्टर की सलाह के बिना कोई दवा न लें।
- डॉ. गौरव कवि भार्गव, हृदय रोग विशेषज्ञ, जयारोग्य अस्पताल

सिटी सेंटर में कार चला रहे बैंक प्रबंधक को दिल का दौरा पड़ा था। इससे कार बेकाबू होकर अन्य गाड़ियों से टकरा गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया है।
-रविंद्र जाटव, थाना प्रभारी, यूनिवर्सिटी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।