विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ग्वालियर में ASI की कार पर सिरफिरे ने फेंकी बोतल, टोकने पर हाथ में काटा-धमकाया; आरोपी गिरफ्तार

Published: Sun, 29 Nov 2026 09:16 PM (GMT+05:30)

ग्वालियर के बहोड़ापुर में एक युवक ने एएसआई की कार पर बोतल फेंकी। रोकने पर उसने एएसआई के हाथ में काट लिया और धमकी देकर भाग गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. बहोड़ापुर क्षेत्र के सागरताल चौराहे पर हुई वारदात।

  2. शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे एएसआई।

  3. पुलिस ने आरोपित पीयूष लखेरा को गिरफ्तार किया।

डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। शहर के बहोड़ापुर इलाके में सागरताल चौराहे पर एक सिरफिरे युवक ने पुलिस के एएसआई की कार पर बोतल फेंककर हमला कर दिया। जब एएसआई ने कार से उतरकर उसे रोकने की कोशिश की तो आरोपित गाली-गलौज करने लगा और उनके हाथ में दांत से काट लिया। वारदात के बाद आरोपित मौके से भाग गया। एएसआई की शिकायत पर बहोड़ापुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

शादी में जा रहे थे एएसआई

बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर निवासी हरिप्रताप सिंह चौहान (60), पिता स्व. पुत्तू सिंह चौहान, शनिवार रात करीब 8:15 बजे कार से राजबाड़ा पैलेस में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे। जैसे ही वह सागरताल चौराहे पर पहुंचे, वहां मौजूद पीयूष उर्फ शिवम लखेरा ने उनकी कार रोक ली और हाथ में रखी बोतल वाहन पर फेंक दी।

रोकने पर अभद्रता, हाथ में काटकर भागा

कार पर बोतल फेंकने की हरकत देखकर हरिप्रताप सिंह नीचे उतरे और युवक को रोककर टोका। इस पर आरोपित ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर उसने एएसआई के हाथ में दांत से काट लिया और वहां से भाग निकला।

यह भी पढ़ें- 'धीरेंद्र शास्त्री BJP के एजेंट, जनता को कर रहे गुमराह', कांग्रेस नेता गोविंद सिंह ने कथावाचक पर लगाए गंभीर आरोप

बेटे-दामाद को भी धमकाया

एएसआई के बेटे हिमांशु और दामाद भानु राजावत ने बीच-बचाव कर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपित ने दोनों को भी धमकाया। उसने चेतावनी दी कि यदि पुलिस या किसी अन्य से शिकायत की तो जान से मार देगा। घटना के बाद एएसआई सीधे बहोड़ापुर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित को पकड़ लिया है।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।