'धीरेंद्र शास्त्री BJP के एजेंट, जनता को कर रहे गुमराह', कांग्रेस नेता गोविंद सिंह ने कथावाचक पर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेस नेता डॉ. गोविंद सिंह ने धीरेंद्र शास्त्री को भाजपा का एजेंट बताते हुए उन पर धार्मिक ज्ञान की कमी और लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने शास्त्री पर कथाओं के जरिए धन जुटाने, जमीनें खरीदने और गलत धार्मिक व्याख्याएं देने का भी आरोप लगाया।

पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री व गोविंद सिंह।
HighLights
गोविंद सिंह ने धीरेंद्र शास्त्री को भाजपा का एजेंट बताया।
शास्त्री पर धार्मिक ज्ञान की कमी, गलत व्याख्या का आरोप।
कथाओं से धन जुटाने, जमीनें खरीदने का आरोप भी लगाया।
डिजिटल डेस्क, भिंड। मध्य प्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. गोविंद सिंह ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर तीखा हमला बोला है। झांसी में मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कथावाचक को भाजपा का एजेंट बताते हुए उनकी शिक्षा, धार्मिक ज्ञान और कथाओं की विषयवस्तु पर सवाल खड़े किए। गोविंद सिंह ने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री धार्मिक कथाओं के माध्यम से लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता ने धीरेंद्र शास्त्री पर कथा के जरिए धन जुटाने और उससे परिवार की संपत्ति बढ़ाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि शास्त्री ने जमीनें खरीदी हैं और जमीनों पर कब्जे भी किए हैं।
धीरेंद्र शास्त्री के ज्ञान पर उठाए सवाल
गोविंद सिंह ने धीरेंद्र शास्त्री की धार्मिक व्याख्याओं पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वे भगवान राम के पांच पिता होने जैसी बातें करते हैं। कांग्रेस नेता ने उनकी शिक्षा और ज्ञान पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें धार्मिक विषयों की पर्याप्त समझ नहीं है।
यह भी पढ़ें- 'टिकट देने की औकात किसकी' बयान पर उमा भारती की सफाई, अब कहा- यह मेरा अहंकार नहीं... योग्यता से मिलती है जिम्मेदारी
बोले- लिखकर दूंगा सवाल, जवाब नहीं दे पाएंगे
गोविंद सिंह ने चुनौती देते हुए कहा कि वे धीरेंद्र शास्त्री को अपने सवाल लिखकर देने के लिए तैयार हैं। उनका दावा है कि कथावाचक उन सवालों का जवाब नहीं दे पाएंगे। हालांकि, जब उनसे बागेश्वर धाम जाकर सीधे सवाल पूछने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने इससे इन्कार कर दिया। गोविंद सिंह ने कहा कि वे ऐसे लोगों से सवाल पूछने के लिए नहीं जाते।