11वीं पास शख्स दिल्ली के अस्पतालों में बना डॉक्टर, 6.5 लाख में खरीदी फर्जी डिग्री; गिरोह का पर्दाफाश
राजस्थान एसओजी ने फर्जी मेडिकल डिग्रियां बनाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें मास्टरमाइंड रामकिशोर महावर सहित चार आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। यह गिरोह 6.5 लाख रुपये में फर्जी डिग्री तैयार कर अयोग्य लोगों को डॉक्टर बनाता था, जिससे मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ हो रहा था।

-प्रतीकात्मक चित्र।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। फर्जी मेडिकल डिग्रियां तैयार कर अयोग्य लोगों को डॉक्टर बनाने वाले संगठित गिरोह का राजस्थान स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में गिरोह के मास्टरमाइंड रामकिशोर महावर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह का सरगना खुद महज 11वीं कक्षा तक पढ़ा है, लेकिन फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों के सहारे दिल्ली के नामी अस्पतालों में डॉक्टर बनकर मरीजों का इलाज करता रहा।
6.5 लाख रुपये में तैयार करवाई पूरी डिग्री
जांच एजेंसियों के मुताबिक, रामकिशोर ने करीब 6.5 लाख रुपये खर्च कर 12वीं, एमबीबीएस और डीएम की फर्जी डिग्रियां बनवाई थीं। इन दस्तावेजों के आधार पर उसने दिल्ली मेडिकल काउंसिल में अपना पंजीयन भी करा लिया। कथित फर्जी योग्यता के सहारे वह लंबे समय तक अस्पतालों में चिकित्सकीय सेवाएं देता रहा और अपनी वास्तविक शिक्षा को छिपाए रखा।
इंटरनेट मीडिया के जरिए तलाशते थे ग्राहक
गिरोह फेसबुक और व्हाट्सएप के जरिए ऐसे युवाओं को निशाना बनाता था, जो आवश्यक शैक्षणिक योग्यता पूरी किए बिना डॉक्टर बनना चाहते थे। इसके बदले मोटी रकम वसूलकर उन्हें फर्जी डिग्री और प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए जाते थे। गिरोह केवल दस्तावेज तैयार करने तक सीमित नहीं था, बल्कि डिग्रियों को वास्तविक साबित करने के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर ऑनलाइन सत्यापन और मेडिकल काउंसिल में पंजीयन कराने का इंतजाम भी करता था।
अलग-अलग जिम्मेदारियों के साथ चलता था नेटवर्क
एसओजी की जांच में सामने आया कि गिरोह ने पूरे फर्जीवाड़े को कई स्तरों में बांट रखा था। कुछ सदस्य डिग्री और प्रमाण-पत्र तैयार करवाते थे, जबकि दूसरे विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर सत्यापन की व्यवस्था संभालते थे। वहीं, अन्य सदस्य मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराने का काम देखते थे। सुनियोजित तरीके से काम करने वाले इस नेटवर्क के जरिए फर्जी योग्यता रखने वाले लोगों को डॉक्टर के तौर पर काम करने का रास्ता मिल जाता था।
यह भी पढ़ें- MP में इंदौर, शिवपुरी-ग्वालियर बने फर्जी सिम के हॉटस्पॉट, यूपी व राजस्थान पहुंचाना आसान
मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़, नेटवर्क की तलाश जारी
रामकिशोर महावर राजस्थान के निजी नर्सिंग होम और अस्पतालों में काम करने के बाद दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों में भी चिकित्सकीय सेवाएं दे चुका था। फर्जी डिग्रियों के जरिए उसका डॉक्टर बनकर काम करना मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता था। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच का फोकस इस बात पर है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को फर्जी मेडिकल डिग्रियां बेचीं और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन-कौन हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।