छतरपुर में खेत की जुताई करते समय कुएं में समाया ट्रैक्टर, किसान और 10 साल के बेटे की मौत; बेटी की आंखों के सामने हादसा
छतरपुर के हतना गांव में खेत की जुताई करते समय ट्रैक्टर कुएं में गिरने से किसान संतोष यादव और उनके 10 वर्षीय बेटे दुर्गेश की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा उनकी 12 वर्षीय बेटी के सामने हुआ। घटना से किसान परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

मृतक संतोष यादव व दुर्गेश।
HighLights
छतरपुर में खेत में जुताई करते समय हादसा हुआ।
ट्रैक्टर कुएं में गिरा, किसान और बेटे की मौत।
12 वर्षीय बेटी ने आंखों के सामने देखा हादसा।
डिजिटल डेस्क, छतरपुर। खेत में जुताई करते समय एक दर्दनाक हादसे ने किसान परिवार की खुशियां छीन लीं। छतरपुर जिले के ओरछा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम हतना में रविवार शाम ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर करीब 70 फीट गहरे कुएं में जा गिरा। ट्रैक्टर पर सवार किसान और उनके 10 वर्षीय बेटे की हादसे में मौत हो गई। पिता और भाई को आंखों के सामने कुएं में गिरता देख 12 वर्षीय बेटी चीख उठी। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया।
ट्रैक्टर पर सवार थे पिता-पुत्र
जानकारी के अनुसार, किसान संतोष यादव (35) रविवार शाम करीब 4 बजे जंगल हार स्थित खेत में अपने बेटे दुर्गेश (10) के साथ ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हुआ और दोनों को लेकर गहरे कुएं में जा गिरा। कुएं में करीब 20 फीट पानी भरा था। हादसे के वक्त संतोष की बेटी राशि (12) भी खेत में मौजूद थी। उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, क्रेन और गोताखोरों से रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलने पर संतोष के बड़े भाई देशराज मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस शाम करीब 4:30 बजे घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद क्रेन मशीन और गोताखोरों की मदद से पिता-पुत्र को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
कुएं की गहराई और उसमें भरे पानी के कारण बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। देर शाम तक दोनों को बाहर निकालने के प्रयास जारी थे। हादसे की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
यह भी पढ़ें- रीवा के बाजार में पति के अफेयर के शक में भिड़ीं दो महिलाएं मारपीट का वीडियो वायरल
दो बेटियों के बीच इकलौता भाई था दुर्गेश
संतोष यादव के परिवार में 14 वर्षीय आयुषी और 12 वर्षीय राशि दो बेटियां हैं। दुर्गेश दोनों बहनों का इकलौता भाई था और तीसरी कक्षा में पढ़ता था। पिता और भाई को एक साथ खोने की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दोनों बेटियों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।