भिंड में दुष्कर्म के बाद युवती की हत्या, दोस्त संग बाइक पर शव ले जाकर तिराहे पर फेंका; शादी को लेकर हुआ था विवाद
भिंड जिले के दबोह थाना क्षेत्र में एक युवती से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। आरोपितों ने शव को बाइक से ले जाकर फरदुआ तिराहे पर फेंका, पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह वारदात शादी को लेकर हुए विवाद के बाद हुई, जिसमें मुख्य आरोपित युवती का प्रेमी बताया जा रहा है।

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
भिंड में युवती से दुष्कर्म के बाद हत्या, शव फेंका गया।
प्रेमी करण परिहार और दोस्त विजय परिहार गिरफ्तार किए गए।
शादी को लेकर हुए विवाद के बाद युवती की हत्या की गई।
डिजिटल डेस्क, भिंड। प्रदेश के भिंड जिले के दबोह थाना क्षेत्र में युवती से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपित शव को सफेद बाइक से ले जाकर फरदुआ तिराहे पर ठिकाने लगाया। पुलिस ने मामले में दबोह निवासी आरोपित करण परिहार (24) और विजय परिहार (20) को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक युवती का प्रेमी बताया जा रहा है। शनिवार को दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
मिलने के बहाने युवती को गांव बुलाया
पुलिस के अनुसार, युवती की मौत के मामले में उसकी मां मिथिला विश्वकर्मा की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर करण परिहार और विजय परिहार से पूछताछ की गई।
पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपित करण ने पूछताछ में बताया कि युवती से उसका काफी समय से प्रेम संबंध था। इसी के चलते उसने 27 नवंबर की रात युवती को मिलने के लिए ग्राम संसीगढ़ बुलाया था। यहां दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने। इसके बाद शादी की बात को लेकर दोनों में विवाद शुरू हो गया।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में ASI की कार पर सिरफिरे ने फेंकी बोतल, टोकने पर हाथ में काटा-धमकाया; आरोपी गिरफ्तार
पुलिया पर हत्या, दोस्त के साथ ठिकाने लगाया शव
पुलिस के मुताबिक, शादी को लेकर हुए विवाद के दौरान करण ने पुलिया पर युवती की हत्या कर दी। इसके बाद उसने विजय परिहार के साथ मिलकर शव को सफेद रंग की बाइक से फरदुआ तिराहे पर पहुंचाया और वहां फेंक दिया।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बताई जा रही बाइक क्रमांक MP 30 ZH 5880 का भी उल्लेख किया है। दोनों आरोपितों को 28 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है।
इस मामले में दबोह थाना प्रभारी निरीक्षक रवि उपाध्याय, अमायन थाना प्रभारी सिद्धार्थ शर्मा, साइबर सेल प्रभारी कल्याण यादव, एसआई भानु चौहान और पुलिसकर्मियों आदित्य, रंजीत सिंह, राघव गुर्जर व राकेश मौर्य की भूमिका रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।