सीहोर के VIT हॉस्टल में टाइफाइड का प्रकोप, 250 से अधिक छात्र बीमार, 23 की रिपोर्ट पॉजिटिव
मध्य प्रदेश के सीहोर स्थित वीआईटी यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में टाइफाइड का प्रकोप फैल गया है, जिससे 250 से अधिक ...और पढ़ें

सीहो में स्थित वीआईटी (फाइल फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के कोठरी कलां में स्थित वीआईटी यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में अब टाइफाइड ने विकराल रूप ले लिया है। पिछले 10 दिनों के भीतर परिसर के हॉस्टल में रहने वाले 250 से अधिक छात्र तेज बुखार, उल्टी और दर्द से परेशान हैं। इसकी वजह से छात्रों में डर का माहौल है।
बीते नवंबर में बीमारी के बाद बिगड़े थे हालात
बता दें कि इस यूनिवर्सिटी में नवंबर 2025 में भी दूषित पानी की वजह से सैकड़ों छात्र बीमार हुए। शिकायत पर वार्डन ने एक छात्र को पिटवा दिया, उसके बाद वीआईटी में बवाल हो गया। छात्रों ने यूनिवर्सिटी की बसों को आग लगा दी। संपत्ति में तोड़फोड़ की। उनको काबू में करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा था।
प्रबंधन मामले को दबाने में जुटा
अब जहां एक ओर छात्र अस्पताल पहुंच रहे हैं, वहीं यूनिवर्सिटी प्रबंधन मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है। यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार केके नायर का दावा है कि टाइफाइड की खबरें महज अफवाह हैं और केवल 80 बच्चों को मौसमी वायरल हुआ था।
हालांकि चिरायु मेडिकल कॉलेज की पैथोलाजी रिपोर्ट ने प्रबंधन के इन दावों को गलत दर्शाया है। मेडिकल कॉलेज के संचालक डा. अजय गोयनका का कहना है कि जांच के लिए आए शुरुआती 57 सैंपल्स में से 23 छात्र साल्मोनेला टाइफी (टाइफाइड बैक्टीरिया) पॉजिटिव पाए गए हैं। अभी 34 और छात्रों की कल्चर रिपोर्ट आना बाकी है, जिससे संक्रमितों का आंकड़ा और बढ़ने की आशंका है। एक छात्र की स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि उसे आईसीयू में जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।
एक बैच के विद्यार्थियों को घर भेजा
प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर 2025 बैच के विद्यार्थियों को छुट्टी देकर घर भेज दिया है। इध, एसडीओपी दामोदर गुप्ता ने बुधवार को यूनिवर्सिटी प्रबंधन से इस विषय पर बात की। प्रबंधन को कैंपस में जलापूर्ति व्यवस्था और मेस की स्वच्छता की तत्काल थर्ड-पार्टी जांच कराने और मेस कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- भोपाल में LPG वितरण में बड़ा फर्जीवाड़ा, एजेंसियों से सैकड़ों सिलिंडर गायब, उपभोक्ता हो रहे परेशान
खाना-पानी दूषित होने की आशंका
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार एक ही संस्थान में इतनी बड़ी संख्या में टाइफाइड के मामले मिलना सीधे तौर पर दूषित पेयजल या दूषित भोजन की ओर इशारा करते हैं। एनएचएम के पूर्व डायरेक्टर डॉ. पंकज शुक्ला का कहना है कि यह सामूहिक संक्रमण का मामला है। आशंका जताई जा रही है कि हॉस्टल की मेस में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और पेयजल की टंकियों में स्वच्छता का ध्यान नहीं रखने से यह संक्रमण फैला है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।