भोपाल में LPG वितरण में बड़ा फर्जीवाड़ा, एजेंसियों से सैकड़ों सिलिंडर गायब, उपभोक्ता हो रहे परेशान
भोपाल में रसोई गैस आपूर्ति व्यवस्था में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है, जिसमें फिनिक्स और बीएस एचपी गैस एजेंसियों से सैकड़ों सिलिंडर गायब पाए गए हैं।

गैस सिलिंडर वितरण में धांधली (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी में रसोई गैस आपूर्ति व्यवस्था में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है, जहां एजेंसी संचालकों से लेकर कर्मचारियों तक की मिलीभगत के संकेत मिले हैं। शिकायतों के बाद खाद्य विभाग की जांच में सिलिंडर वितरण में गंभीर अनियमितताएं उजागर हुई हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हो सकी है।
मामला जेके रोड स्थित फिनिक्स एचपी गैस एजेंसी से जुड़ा है, जिसका संचालन रिटायर्ड सहायक आपूर्ति अधिकारी बीपी शर्मा द्वारा किया जा रहा है। करीब एक दर्जन उपभोक्ताओं ने शिकायत की थी कि बुकिंग के बावजूद उन्हें सिलिंडर नहीं मिले, जबकि रिकॉर्ड में डिलीवरी दिखा दी गई।
5 किलो वाले 1000 सिलिंडर गायब
खाद्य विभाग की टीम ने जब जांच शुरू की तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। दस्तावेजों की पड़ताल में 40 घरेलू सिलिंडरों का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला, वहीं 5 किलो वाले करीब 1000 सिलिंडर गायब पाए गए। एजेंसी इनका कोई हिसाब नहीं दे सकी।
स्टॉक में हेरफेर
इसी तरह बीएस एचपी गैस एजेंसी के गोदाम से भी 250 से अधिक भरे सिलिंडर गायब मिले, साथ ही व्यावसायिक सिलिंडर के स्टॉक में भी भारी गड़बड़ी पाई गई। दोनों मामलों की जांच रिपोर्ट तैयार कर ली गई, जिसे बुधवार को एडीएम कोर्ट में पेश किया गया।
शादी वाले उपभोक्ता भी परेशान
इस गड़बड़ी का असर आम लोगों और शादी समारोहों पर भी पड़ रहा है। शादी सीजन में जहां व्यावसायिक सिलिंडर आसानी से उपलब्ध कराने के दावे किए जाते हैं, वहीं हकीकत यह है कि 22 लोगों ने 50 से ज्यादा सिलिंडरों की मांग की, लेकिन समय पर आपूर्ति नहीं हो सकी।
यह भी पढ़ें- MP News : मंत्री विजय शाह की तरह विधायक प्रीतम लोधी को भी बचाने की कवायद, भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को भेजी रिपोर्ट
आवेदकों का कहना है कि कार्यक्रम सिर पर है, लेकिन सिलिंडर के लिए उन्हें एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। 26 अप्रैल को शादी वाले परिवारों ने भी शिकायत की है कि 10 से 12 सिलिंडर की मांग के बावजूद अब तक उन्हें गैस उपलब्ध नहीं कराई गई। फिलहाल प्रशासन जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी में है, जबकि उपभोक्ता अब भी राहत का इंतजार कर रहे हैं।
फिनिक्स व बीएस गैस एजेंसी की जांच पूरी कर ली गई है। रिपोर्ट बुधवार को एडीएम न्यायालय में पेश कर दी हे। साथ ही शादी के लिए आवेदन करने वाले लोगों को कैटरर्स के माध्यम से एजेंसी से व्यावसायिक सिलिंडर लेने के लिए कहा है।
- चंद्रभान सिंह जादौन, जिला आपूर्ति नियंत्रक।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।