विदिशा में मासूम बच्ची से दरिंदगी के आरोपी का पूरा भवन गिराने की तैयारी, नपा परिषद ने लगाई मुहर
विदिशा नगर पालिका परिषद ने मासूम बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी चांद उर्फ चंदू खां के दोमंजिला भवन को ध्वस्त करने का प्रस्ताव पारित कर दिया है। यह भवन सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बना था, और उसके खाली प्लॉट पर अवैध लकड़ी का भंडारण भी जब्त किया गया है।

आरोपी के भवन का कुछ हिस्सा तोड़ा गया। (फाइल फोटो)
HighLights
नपा परिषद ने आरोपी के भवन को ध्वस्त करने का प्रस्ताव पारित किया।
भवन सरकारी नजूल भूमि पर अवैध रूप से निर्मित पाया गया।
आरोपी के खाली प्लॉट पर अवैध लकड़ी का भंडारण जब्त किया।
डिजिटल डेस्क, विदिशा। मासूम बच्ची से दुष्कर्म के आरोपी चांद उर्फ चंदू खां के दोमंजिला भवन को पूरी तरह गिराने की तैयारी हो गई है। गुरुवार को हुई नगर पालिका परिषद की विशेष बैठक में आरोपित के भवन को ध्वस्त करने का प्रस्ताव पारित कर दिया गया। बैठक में मौजूद पार्षदों ने प्रस्ताव का समर्थन किया। अब भवन मालिक को तीन दिन का नोटिस जारी किया गया है।
दरअसल, मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी की घटना के बाद पूरे शहर में आक्रोश था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद सोमवार को विधायक मुकेश टंडन और हिंदू संगठनों के लोगों के नेतृत्व में आरोपी का मकान गिराने की मांग को लेकर बड़ा प्रदर्शन किया गया था।
दबाव के बाद सरकारी अमले ने भवन का एक हिस्सा ढहा दिया था। हालांकि, प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि आरोपित का पूरा भवन गिराया जाए। इसी मांग को लेकर गुरुवार को नगर पालिका परिषद की एक सूत्रीय एजेंडे वाली विशेष बैठक बुलाई गई। बैठक में विधायक मुकेश टंडन, नपा अध्यक्ष प्रीति शर्मा और भाजपा के अधिकांश पार्षद मौजूद थे।
नपा के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं प्रॉपर्टी
नपा के प्रभारी सीएमओ आरके वर्मा ने बताया कि नगर पालिका के रिकॉर्ड में भवन निर्माण की कोई अनुमति नहीं मिली है। 30 अक्टूबर को भवन मालिक चांद खां को दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए 15 दिन का नोटिस जारी किया गया था। 21 नवंबर तक भी दस्तावेज नहीं मिले तो भवन गिराने की कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी जमीन पर बना भवन, 15 साल तक नपा को नहीं लगी भनक
शहर के बीचोंबीच तोपपुरा के आवासीय क्षेत्र में सरकारी जमीन पर बने भवन में आरोपित आरा मशीन का संचालन कर रहा था। नपा के प्रभारी सीएमओ आरके वर्मा ने बताया कि घटना के बाद नगर पालिका का 15 साल तक का पुराना रिकॉर्ड खंगाला गया, लेकिन भवन निर्माण की अनुमति और आरा मशीन संचालन की एनओसी नहीं मिली।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में SIR के बाद SSR में बढ़े 8.9 लाख वोटर, कहां-किसके नाम जोड़े... BJP-कांग्रेस दोनों ने मांगी जानकारी
उनके अनुसार भवन सरकारी नजूल भूमि पर बना है। दूसरी ओर वन विभाग ने इस भवन में आरा मशीन संचालन का लाइसेंस जारी किया था। अब इस लाइसेंस को भी निरस्त करने की तैयारी है।
खाली प्लॉट पर भी कार्रवाई
गुरुवार को राजस्व, वन और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने बेतवा किनारे महालघाट स्थित उसके खाली प्लाट पर कार्रवाई की। यहां करीब 300 क्विंटल जलाऊ लकड़ी रखी मिली। तहसीलदार प्रीति पंथी ने बताया कि प्लाट पर लकड़ी का अवैध भंडारण पाए जाने पर उसे जब्त कर नगर पालिका के सुपुर्द किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।