विदिशा में स्कूल प्राचार्य ने बच्ची को उठाकर फेंका, Video वायरल; स्कूटी-लैपटॉप के बदले रिश्वत मांगने का भी आरोप
विदिशा के धामनोद में एक स्कूल प्राचार्य कमल सिंह मीणा का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वे अपनी बेटी को ...और पढ़ें

प्राचार्य ने बच्ची को उठाकर पटका (वीडियो ग्रैब)
HighLights
प्राचार्य कमल सिंह मीणा का बच्ची को फेंकते वीडियो वायरल।
स्कूटी-लैपटॉप योजना के बदले रिश्वत मांगने का आरोप।
शिक्षा विभाग ने प्राचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
डिजिटल डेस्क, विदिशा। जिले के धामनोद स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के संकुल प्राचार्य कमल सिंह मीणा का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। करीब एक महीने पुराने बताए जा रहे इस वीडियो में प्राचार्य स्कूल परिसर में खेल रही एक बच्ची को उठाकर फेंकते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि बच्ची उनकी अपनी तीन वर्षीय बेटी है और यह घटना एक युवक के साथ विवाद के दौरान हुई।
मामले में गांव के निवासी खुमान सिंह ने प्राचार्य पर रिश्वत मांगने और वीडियो डिलीट कराने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है। खुमान सिंह के मुताबिक, कक्षा 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा को सरकारी योजना के तहत स्कूटी और लैपटॉप मिलना था। इसका लाभ दिलाने के बदले प्राचार्य ने कथित तौर पर रिश्वत मांगी थी। युवक ने इस बातचीत का वीडियो बना लिया था।
रिश्वत मांगने का वीडियो हटाने को लेकर विवाद
खुमान सिंह का दावा है कि रिश्वत मांगने से जुड़ा वीडियो डिलीट करने के लिए प्राचार्य उन पर दबाव बना रहे थे। जब उन्होंने वीडियो हटाने से इन्कार किया तो विवाद बढ़ गया। युवक के अनुसार, इसी दौरान प्राचार्य ने स्कूल परिसर में खेल रही अपनी तीन साल की बेटी को उठाकर उनकी ओर फेंक दिया।
खुमान सिंह का कहना है कि उन्होंने बच्ची को लपक लिया, जिससे उसे गंभीर चोट नहीं आई। आरोप है कि इसके बाद प्राचार्य ने बच्ची की जान लेने और उन्हें हत्या के झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी। युवक का दावा है कि डर के कारण उन्होंने रिश्वत मांगने से जुड़ा वीडियो डिलीट कर दिया था। अब उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी मीडिया को दी है।
शिक्षा विभाग ने लिया संज्ञान
घटना का वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया है। जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार ने संकुल प्राचार्य कमल सिंह मीणा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने मामले की जांच के लिए टीम गठित करने की बात कही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।