विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'IAS एक ब्रांड है... भागता नहीं तो क्रिमिनल कैसे कहलाता', रिटायर्ड IAS हत्याकांड के आरोपी के बेखौफ जवाब से पुलिस भी हैरान

Published: Wed, 04 Nov 2026 10:10 PM (IST)

रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल हत्याकांड में आरोपी केयरटेकर वरुण कुमार ने पूछताछ में बेखौफ बयान दिए हैं, जिससे पुलिस भी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. आरोपी वरुण ने कहा 'आईएएस एक ब्रांड है, व्यवहार रूखा था'

  2. भागने को बताया 'क्रिमिनल' कहलाने की वजह, पुलिस हैरान

  3. पैर दबाते समय 'महिलाओं जैसे हाथ' टिप्पणी से था नाराज

डिजिटल डेस्क, भोपाल। रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में आरोपी केयरटेकर वरुण कुमार के पूछताछ के दौरान दिए गए बेखौफ बयानों ने पुलिस को भी चौंका दिया है। हमीदिया अस्पताल में उपचार करा रहे वरुण से रातीबड़ पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है। उसकी मानसिकता और वारदात के पीछे की वजह समझने के लिए कुछ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे थे।

सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान वरुण ने बेखौफ अंदाज में कहा, 'आईएएस एक ब्रांड है। उनका व्यवहार रूखा था, इसलिए मार दिया।' जब अधिकारियों ने उससे पूछा कि गिरफ्तारी का अंदेशा होने के बावजूद वह फरार क्यों हुआ, तो उसने जवाब दिया, 'तुरंत पकड़ा जाता तो कोई मुझे जान नहीं पाता। भागता नहीं तो क्रिमिनल कैसे कहलाता?'

पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसके जवाबों से पूर्व आईएएस अधिकारी के प्रति नाराजगी और लंबे समय से कुंठा होने की बात सामने आई है। हालांकि, हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाक्रम की पुष्टि जांच के दौरान जुटाए जाने वाले साक्ष्यों से होगी।

पैर दबाते समय किए गए तानों से था नाराज

पूछताछ में वरुण ने बताया कि राकेश अग्रवाल का उसके प्रति व्यवहार ठीक नहीं था। उसका दावा है कि जब वह अग्रवाल के पैर दबाता था, तब वे कहते थे कि 'तुम्हारे हाथ तो महिलाओं जैसे हैं।' वरुण के मुताबिक, ऐसी टिप्पणियों से उसे गुस्सा आता था।

पुलिस को अग्रवाल के घरेलू स्टाफ से भी वरुण के गुस्सैल स्वभाव के बारे में जानकारी मिली है। बताया गया है कि वह पहले भी छोटी-छोटी बातों पर लोगों से विवाद और मारपीट कर चुका है।

पत्नी छोड़ गई, पिता ने कर ली तीसरी शादी; बोला- डर किस बात का

पुलिस के मुताबिक, वरुण ने पूछताछ में अपने पारिवारिक हालात का भी जिक्र किया। उसने बताया कि पत्नी उसे छोड़कर जा चुकी है और पिता अपनी जिंदगी में व्यस्त हैं। वरुण के अनुसार, उसके पिता ने तीसरी शादी कर ली है। उसने कहा, 'जब कोई अपना ही नहीं बचा, तो डर किस बात का।'

यह भी पढ़ें- भोपाल रिटायर्ड IAS हत्याकांड: पुलिसकर्मी बने पुजारी, मंडली बनाकर गली-गली गाए भजन; आगरा में ऐसे पकड़ में आया आरोपी

अस्पताल से छुट्टी के बाद होगा क्राइम सीन रीक्रिएशन

राकेश अग्रवाल की हत्या के बाद फरार हुए वरुण को पुलिस ने 35 दिन बाद आगरा से गिरफ्तार किया था। भोपाल में पुलिस मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद से वह हमीदिया अस्पताल में भर्ती है।

मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस ने सात दिन की रिमांड हासिल की। रातीबड़ पुलिस उसका मेमोरेंडम बयान भी दर्ज कर चुकी है। पुलिस का अनुमान है कि शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उससे आगे की पूछताछ की जाएगी।

जांच के अगले चरण में पुलिस हत्या में इस्तेमाल किए गए सर्जिकल ब्लेड की बरामदगी का प्रयास करेगी। इसके अलावा घटनास्थल पर ले जाकर वारदात का क्राइम सीन रीक्रिएशन भी कराया जाएगा, ताकि घटना के क्रम और आरोपित की भूमिका से जुड़े तथ्यों की पुष्टि की जा सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।