भोपाल रिटायर्ड IAS हत्याकांड: पुलिसकर्मी बने पुजारी, मंडली बनाकर गली-गली गाए भजन; आगरा में ऐसे पकड़ में आया आरोपी
पुलिस ने भोपाल के रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल की हत्या के आरोपी वरुण कुमार को 500 किमी दूर आगरा से ...और पढ़ें

HighLights
पुलिस की 10 टीमों ने एक महीने तक चलाया सर्च अभियान।
पुलिस ने मंदिरों से रेलवे स्टेशन तक गली-गली बदला रूप।
आरोपी के 100 से अधिक रिश्तेदारों पर रखी नजर।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी के रातीबड़ क्षेत्र के बहुचर्चित रिटायर्ड आइएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपित को 500 किमी दूर आगरा से गिरफ्तार कर मंगलवार को इस सनसनीखेज वारदात का राजफाश कर दिया। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपित 27 वर्षीय वरुण कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के मार्गदर्शन में तैयार की गई योजना और 15 टीमों के एक महीने लंबे अभियान ने आखिरकार रंग दिखाया।
ऐसे बदली रणनीति
आरोपित के फरार रहने के दौरान अक्टूबर में पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने अधिकारियों के साथ एक बैठक की और रणनीति में बदलाव किया। आरोपित को यह भ्रम देने के लिए कि मामला अब ठंडा पड़ चुका है, पुलिस ने अपनी कार्यप्रणाली में बदलाव किया और अंडरग्राउंड होकर काम करना शुरू किया। आगरा, मथुरा और वृंदावन के मंदिरों, रैन बसेरों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों के आसपास पुलिसकर्मियों ने भेष बदले।
आरोपित को पकड़ने के लिए पुलिसकर्मियों ने पुजारी, सब्जीवाला, माली और चायवाला तक का रूप धरा व आम लोगों से मेल-मिलाप बढ़ाया। यहां तक कि पुजारी बने पुलिसकर्मियों ने मंडली बनाकर बाकायदा मंदिरों, मोहल्लों और गलियों में भजन-कीर्तन भी किए। पांच-पांच दिन की शिफ्ट में काम करते हुए पुलिसकर्मियों ने आरोपित के बारे में जानकारी जुटाई और उस पर लगातार निगाह रखी।
भोपाल से पठानकोट तक काटी फरारी
हत्या करने के बाद आरोपी वरुण करीब तड़के 4:12 बजे भोपाल रेलवे स्टेशन से केरला एक्सप्रेस में सवार होकर फरार हुआ था। फरारी के दौरान वह ग्वालियर, आगरा, वृंदावन, दिल्ली, हरियाणा, ऋषिकेश, मनाली, कुल्लू, पठानकोट तक भटकता रहा। इस दौरान उसने एक ट्रक पर क्लीनरी का काम भी किया। वह दिन में काम करता और रात में गांजे का नशा करके पड़ा रहता।
दो हफ्तों से आगरा में रह रहा था
इधर, आरोपित की तलाश में पुलिस ने उसके 100 से ज्यादा रिश्तेदारों से पूछताछ की तथा पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र और जीआरपी ग्वालियर-सागर पुलिस के सहयोग से सघन चेकिंग अभियान चलाया। आखिर में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी के हत्यारे के 14 दिन पहले आगरा आने की खबर भोपाल पुलिस को मिल गई थी। जिसके बाद एसआईटी के साथ रातीबड़ पुलिस और क्राइम ब्रांच ने आगरा में डेरा डाल लिया था।

कचरे का बैग लिए दिखा और पुलिस ने दबोचा
पुलिस को जानकारी मिली थी कि आरोपित का आगरा से गहरा जुड़ाव है, उसकी महिला मित्र और काफी रिश्तेदार आगरा में हैं। सूचना मिलते ही सभी टीमों को एकत्र कर घेराबंदी की गई। चूंकि आरोपित मोबाइल इस्तेमाल नहीं कर रहा था, ऐसे में पुलिस ने अलग-अलग शहरों में उसके पोस्टर चिपकाए थे। सोमवार शाम को आगरा-मथुरा मार्ग पर जब आरोपित हाथ में कचरे का बैग लिए दिखा, तो पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भागने का प्रयास कर रहे आरोपित को घेराबंदी कर दबोच लिया।
गिरफ्त में आने के बाद भी हंसता रहा
पुलिस गिरफ्त में आने के बाद भी वह हंसता रहा। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि वह आइएएस अधिकारी की हत्या के बाद गैस सिलेंडर का पाइप खोलकर आया था। हत्या के बाद पूरे घर को आग लगाकर उड़ाने की उसकी योजना थी। उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं था।
यह भी पढ़ें- भोपाल में रिटायर्ड IAS की हत्या के आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर, अस्पताल में भर्ती; पुलिस ने आगरा से किया था गिरफ्तार
आरोपित की पृष्ठभूमि
वरुण वाल्मीकि मूलतः ग्वालियर का रहने वाला है। उसके दस्तावेजों पर पता आशा कॉलोनी पटियाला, पंजाब और लखनपुर कॉलोनी आगरा दर्ज है। उसके पिता सेना में सफाईकर्मी रहे हैं। आरोपित बचपन में अपनी मां के साथ आगरा में भी रहा और बाद में विभिन्न राज्यों में हाउसकीपिंग व मजदूरी का काम करता रहा। भोपाल में उसने वर्मा होम हेल्थकेयर एजेंसी के माध्यम से मृतक के घर काम हासिल किया था। उसकी एक महिला मित्र भी है, जो ग्वालियर की रहने वाली है और आगरा में नौकरी करती है; उससे मिलने के लिए वह आगरा जाता रहता था।
आपराधिक/विवादित रिकॉर्ड
नैनीताल (दिसंबर 2025- फरवरी 2026): 92 वर्षीय बुजुर्ग की देखभाल के दौरान नशे की लत के चलते उसने बुजुर्ग का गला दबाकर हत्या का प्रयास किया था।
जयपुर (जून 2026): 'रूही हेल्थ केयर' के माध्यम से केयरटेकर बना, लेकिन खराब व्यवहार के कारण हटा दिया गया।
ग्वालियर (अगस्त 2026): 'सार्थू होम नर्सिंग केयर' से मोबाइल फोन चोरी करने का आरोप।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।