विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विदिशा में सिरोंज-लटेरी मार्ग पर तेंदुए की मौत, सिर व शरीर पर चोट के निशान; जांच के लिए भोपाल से पहुंची टीम

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:50 PM (IST)

विदिशा में सिरोंज-लटेरी मार्ग पर एक तेंदुए का शव मिला, जिससे वन विभाग में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में शिकार के संकेत नहीं मिले, लेकिन सिर और शरीर पर चोट के निशान वाहन की टक्कर का संदेह पैदा करते हैं; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

सड़क मार्ग पर पड़ा तेंदुए का शव।

सड़क मार्ग पर पड़ा तेंदुए का शव।

HighLights

  1. विदिशा में सिरोंज-लटेरी मार्ग पर तेंदुए का शव मिला।

  2. शुरुआती जांच में शिकार के संकेत नहीं, टक्कर की आशंका।

  3. भोपाल से डॉग स्क्वाड ने की घटनास्थल की पड़ताल।

डिजिटल डेस्क, विदिशा। सिरोंज-लटेरी मार्ग पर बुधवार तड़के एक तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 4 बजे शव मिलने की सूचना पर वन अमला मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। घटना की पड़ताल के लिए भोपाल से डॉग स्क्वाड भी बुलाया गया। शुरुआती जांच में शिकार किए जाने के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। तेंदुए की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सामने आएगी।

15 दिन से दो शावकों के साथ क्षेत्र में घूम रही थी मादा तेंदुआ

वन विभाग के मुताबिक, ग्राम तोरई, बाघरोद और पाठन के बीच स्थित प्लांटेशन क्षेत्र में पिछले करीब 15 दिनों से एक मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ लगातार विचरण कर रही थी। स्थानीय लोगों ने भी कई बार तेंदुए को इस इलाके में देखा था। बुधवार सुबह इसी क्षेत्र में तेंदुए का शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद वन अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच के लिए जरूरी साक्ष्य जुटाए।

यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में CDV से आठ बाघों की मौत ने बढ़ाई 10 राज्यों की चिंता; रोकथाम की रणनीति पर सरिस्का में मंथन

वाहन की टक्कर से मौत होने की आशंका

वन विभाग के रेंजर ब्रज मीना ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए भोपाल से डॉग स्क्वाड बुलाकर जांच कराई गई। शुरुआती पड़ताल में शिकार किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। तेंदुए के सिर और शरीर पर चोट के निशान भी दिखाई दिए हैं।

उन्होंने आशंका जताई कि सड़क पार करते समय किसी वाहन की टक्कर लगने से तेंदुए की मौत हो सकती है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि तेंदुए की मौत दुर्घटना में हुई, या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।