विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मध्य प्रदेश में CDV से आठ बाघों की मौत ने बढ़ाई 10 राज्यों की चिंता; रोकथाम की रणनीति पर सरिस्का में मंथन

Published: Tue, 24 Nov 2026 08:10 PM (IST)

मध्य प्रदेश में कैनाइन डिस्टेंपर वायरस (CDV) से आठ बाघों की मौत ने वन्यजीव विशेषज्ञों की चिंता बढ़ा दी है, जिससे 10 राज्यों में सतर्कता बढ़ी है। सरिस्का टाइगर रिजर्व में एक कार्यशाला में संक्रमण की रोकथाम और निगरानी पर रणनीति बनाई गई।

बाघ की मौत। (प्रतीकात्मक चित्र)

बाघ की मौत। (प्रतीकात्मक चित्र)

HighLights

  1. कुत्तों के पानी पीने के बाद उसी को पीने से बाघ हो जाता है संक्रमित। 

  2. अलवर में हुई बैठक में चिंता जता चुके हैं कई राज्यों के वनाधिकारी।

सौरभ सोनी, भोपाल। मध्य प्रदेश में पिछले आठ महीनों के दौरान कैनाइन डिस्टेंपर वायरस (CDV) से आठ बाघों की मौत की पुष्टि के बाद वन्यजीव संरक्षण से जुड़े विशेषज्ञों की चिंता बढ़ गई है। इस संक्रमण का खतरा अब केवल मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं है। राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, केरल और तमिलनाडु के टाइगर रिजर्व में भी वायरस को लेकर सतर्कता बढ़ाई जा रही है। कुल 10 राज्यों के वन अधिकारियों और विशेषज्ञों ने 18 से 20 नवंबर तक राजस्थान के अलवर स्थित सरिस्का टाइगर रिजर्व में तीन दिवसीय कार्यशाला कर संक्रमण की रोकथाम और निगरानी पर रणनीति बनाई।

कार्यशाला में वायरस की समय रहते पहचान, जैविक नमूनों के संग्रह, रिमोट बायोप्सी और फोरेंसिक सैंपलिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। वन्यजीवों में संक्रमण की पुष्टि, मौत के कारणों का वैज्ञानिक विश्लेषण और प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने पर जोर दिया गया।

MP में आठ मौतों की पुष्टि 

मध्य प्रदेश में बीते आठ महीनों में आठ बाघों की मौत CDV संक्रमण से होने की पुष्टि हुई है। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि वायरस से मरने वाले बाघों की वास्तविक संख्या इससे अधिक हो सकती है। जबलपुर हाई कोर्ट में दायर याचिका में 20 बाघों की संदिग्ध मौतों को इस संक्रमण से जोड़ते हुए जांच का मुद्दा उठाया गया है। मामले में हाई कोर्ट में सुनवाई होनी है।

बाघों के रहवास और विचरण क्षेत्रों के आसपास बसे गांवों में पालतू कुत्तों और अन्य पशुओं की मौजूदगी संक्रमण के जोखिम को बढ़ाती है। इसी चुनौती को देखते हुए मध्य प्रदेश में वन क्षेत्रों के आसपास कुत्तों का टीकाकरण अभियान चलाया गया है। कई जगह बूस्टर डोज भी दिए गए हैं, ताकि संक्रमण के संभावित स्रोतों पर नियंत्रण किया जा सके।

पानी और संक्रमित शिकार से बाघ तक पहुंच सकता है वायरस

CDV संक्रमण का फैलाव संक्रमित कुत्तों और अन्य जानवरों के संपर्क से हो सकता है। यदि कोई संक्रमित कुत्ता जल स्रोत पर पानी पीता है और उसी स्रोत का इस्तेमाल बाघ करता है, तो संक्रमण का जोखिम बन सकता है। इसी तरह संक्रमित जानवरों के संपर्क में आए शिकार या उसके अवशेष खाने से भी बाघ संक्रमण की चपेट में आ सकते हैं।

यह वायरस बाघ के शरीर में पहुंचने के बाद श्वसन तंत्र, पाचन तंत्र और तंत्रिका तंत्र को प्रभावित कर सकता है। संक्रमण गंभीर होने पर वन्यजीव की स्थिति तेजी से बिगड़ सकती है, जिससे उसकी जान तक जा सकती है।

टाइगर रिजर्व के आसपास कुत्तों की निगरानी बड़ी चुनौती

बाघों के संरक्षण में अब केवल शिकार और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण ही चुनौती नहीं है, बल्कि संक्रामक रोगों से सुरक्षा भी अहम हो गई है। टाइगर रिजर्व से सटे गांवों में आवारा और पालतू कुत्तों की मौजूदगी, साझा जल स्रोत और वन्यजीवों के बीच संपर्क संक्रमण के खतरे को बढ़ा सकते हैं।

सरिस्का में हुई कार्यशाला के जरिए राज्यों के विशेषज्ञों ने बीमारी की पहचान, निगरानी, सैंपलिंग और रोकथाम के लिए बेहतर समन्वय की जरूरत पर जोर दिया। अब चुनौती इस रणनीति को जमीन पर प्रभावी ढंग से लागू करने और बाघों को इस जानलेवा वायरस से सुरक्षित रखने की है।

यह भी पढ़ें- कूनो में चीता पुनर्वास का बड़ा प्रयोग: खुले जंगल में हिंसक जानवरों के बीच जीना सीखेंगे KOMG-3 के नवजात शावक

कान्हा रिजर्व में प्रमुख मौतों के घटनाक्रम

  • 21, 23-24, 25 अप्रैल : सरही रेंज में बाघिन टी-141 के तीन शावकों का शव मिला।
  • 29 अप्रैल : मुक्की क्वारंटाइन सेंटर में इलाज के दौरान 10 वर्षीय बाघिन टी-141 व उसके चौथे शावक की मृत्यु।
  • 19 मई : मुक्की रेंज में छह वर्षीय अज्ञात नर बाघ का शव मिला।
  • 6 अक्टूबर : तीन वर्षीय मादा बाघिन 26-27 अगस्त को रेस्क्यू कर लाई गई, उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
  • 18 अक्टूबर : अरौली गांव से रेस्क्यू कर लाए गए बाघ शावक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।

समय रहते सीडीवी की रोकथाम कर ली गई। मध्य प्रदेश के अन्य टाइगर रिजर्व में संक्रमण न फैले, इसके लिए कुत्तों का टीकाकरण कर बूस्टर डोज लगाए गए। बाघ दीदी की पहल की है। एनटीसीए की गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है, बाघों प्रबंधन के लिए हर संभव प्रयास जारी है।
-डॉ. समीता राजौरा, मुख्य वन्यप्राणी अभिरक्षक, मप्र वन

बाघों में सीडीवी न फैल इसके लिए कुत्तों का टीकाकरण आवश्यक है। बाघ का ब्लड सैंपल लेकर रिकार्ड रखा जाना चाहिए। प्रदेश से लगे राज्यों में इस वायरस का खतरा संभावित, इसके लिए आवश्यक है कि राज्य आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें।
-वीएन अम्बाड़े, मप्र के सेवानिवृत्त वन बल प्रमुख

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।