यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 02, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में हाथियों का तांडव, दो लोगों की ली जान और एक को किया घायल; इलाके में दहशत
मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में हाथियों ने दो लोगों की जान ले ली। पहली घटना देवरा गांव की है। ...और पढ़ें

HighLights
- देवरा गांव में बुजुर्ग की हाथियों ने ली जान।
- चंदिया गांव में युवक को बनाया निशाना।
- क्षेत्र में प्रशासन व वन विभाग की टीम तैनात।
जेएनएन, भोपाल। मध्य प्रदेश के उमरिया जिले में हाथियों ने खूब आतंक मचाया। हथियों के उत्पात में दो लोगों की मौत भी हो गई है। वहीं पूरे इलाके में घटना से हड़कंप मचा है। पहली घटना शनिवार की सुबह हुई। जिले के देवरा गांव में हाथी ने 62 वर्षीय रामरतन यादव की जान ले ली।
बताया जा रहा है कि रामरतन जंगल में शौच करने गया था। इसी दौरान हाथी ने हमला कर दिया। कहा जा रहा है कि इलाके में तीन से चार हाथी मौजूद हैं। रामरतन को हाथी काफी दूर तक घसीटते ले गया है। मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हाथियों के हमलों से हड़कंप
जानकारी के मुताबिक देवरा और आसपास के गांवों में हाथी के हमलों से हड़कंप है। सभी हाथी सेमड़ारी, पथरहटा और छपरवाह गांव की तरफ गए हैं। चार दिन पहले खितौली गांव में 10 हाथियों की जान गई थी। लोगों का अनुमान है कि ये हाथी भी उसी झुंड के हैं।
.jpg)
उधर, चंदिया तहसील में भी हाथी ने उत्पात मचाया है। यहां के छुहाई टोला निवासी भैरव कोल पर भी हाथियों ने हमला कर दिया। उसकी घटनास्थल पर ही जान चली गई। जानकारी के मुताबिक भैरव अपनी खेत की तरफ जा रहा था। तभी हाथियों ने उसे निशाना बनाया। दो लोगों की मौत से पूरे जिले में दहशत है।
32 वर्षीय युवक घायल
चंदिया के अलावा हाथियों ने बांका पंचायत के छोटे बरही गांव में आतंक मचाया। यहां हमले में 32 वर्षीय युवक के घायल होने की सूचना है। युवक की पहचान मालू के तौर पर हुई है। युवक को पहले चंदिया के अस्पताल में भर्ती कराया गया। मगर हालत गंभीर होने की वजह से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
सीएम ने बुलाई आपात बैठक
उधर, बांधवगढ़ में हथियों की मौत से शासन में हड़कंप मचा है। चार दिन में हाथियों की मौत की रिपोर्ट आएगी। शुक्रवार देर रात मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक आपात बैठक भी बुलाई। सीएम ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने एक उच्च स्तरीय टीम को उमरिया भेजा है। यह टीम 24 घंटे में अपनी रिपोर्ट पेश करेगी। उच्चस्तरीय टीम में वन राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार, अपर मुख्य सचिव वन अशोक बर्णवाल और राज्य वन बल प्रमुख असीम श्रीवास्तव शामिल हैं।
.jpg)
दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार वन्य जीवों की सुरक्षा पर बेहद संजीदा है। जानकारी के मुताबिक पोस्टमार्टम में मृत हाथियों के पेट से बड़ी मात्रा में कोदो पाया गया है। सैंपलों की वैज्ञानिक जांच भी की जाएगी। सीएम ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है।
