विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सागर में देसी शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत, सिरदर्द-उल्टी और आंखों में जलन से बिगड़ी थी हालत

Published: Fri, 20 Nov 2026 04:10 PM (IST)

सागर जिले के बंडा थाना क्षेत्र में सरकारी शराब दुकान से खरीदी गई देसी शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत हो गई। सिरदर्द, उल्टी और आंखों में जलन जैसे लक्षण दिखने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसकी जांच आबकारी विभाग और पुलिस कर रही है।

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. सरकारी दुकान से देसी शराब पीने के बाद हुई मौतें।

  2. मृतकों को सिरदर्द, उल्टी और आंखों में जलन हुई।

  3. आबकारी विभाग और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी।

डिजिटल डेस्क, सागर। जिले के बंडा थाना क्षेत्र में शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत से हड़कंप मच गया। ग्राम सेमरा गोपालमन के रहने वाले दोनों व्यक्ति गुरुवार सुबह बंडा की सरकारी शराब दुकान से देसी शराब खरीदकर लाए थे। शराब पीने के कुछ देर बाद उन्हें सिरदर्द, उल्टियां और आंखों में जलन होने लगी। तबीयत बिगड़ने पर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन दोनों की जान नहीं बच सकी। शराब सेवन और मौतों के बीच संबंध की जांच की जा रही है। वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा।

सरकारी दुकान से खरीदी थी शराब

मृतकों की पहचान कमलेश लोधी (40), पिता नारायण लोधी और चंद्रभान लोधी (42), पिता मुलायम लोधी के रूप में हुई है। दोनों सेमरा गोपालमन गांव के निवासी थे। चंद्रभान के भाई अरविंद के मुताबिक, दोनों गुरुवार सुबह गांव से करीब सात किलोमीटर दूर बंडा की सरकारी शराब दुकान से शराब लेकर आए थे। सुबह लगभग 9 बजे उन्होंने देसी शराब पी, जिसके कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

रात में बिगड़ी हालत, अस्पताल पहुंचने से पहले एक की मौत

परिजनों के अनुसार, चंद्रभान की तबीयत रात करीब 3:30 बजे ज्यादा खराब हो गई। उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन इससे पहले ही उनकी मौत हो गई। दूसरी ओर, कमलेश को गुरुवार शाम बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की निगरानी में उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

यह भी पढ़ें- सागर के तहसील कार्यालय में दस्तावेज लेखक पर अभद्रता का आरोप, महिलाओं ने की चप्पल से पिटाई; Video वायरल

आबकारी विभाग और पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। शुक्रवार सुबह चंद्रभान का बंडा अस्पताल में, जबकि कमलेश का बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

दोनों की मौत शराब पीने के बाद हुई, लेकिन शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी या अन्य कारण की पुष्टि अभी नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही मौतों की असल वजह सामने आएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।