विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्विषा मौत प्रकरण: CBI को सौंपने SIT ने तैयार की केस डायरी, सास गिरिबाला से देर रात पूछताछ, समर्थ से क्राइम सीन रीक्रिएट कराया

Published: Mon, 25 May 2026 06:30 PM (IST)Updated: Mon, 25 May 2026 10:35 PM (IST)

त्विषा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला अब सीबीआई को सौंपा जा रहा है। भोपाल पुलिस की एसआईटी ने केस ...और पढ़ें

त्विषा शर्मा डेथ केस।

त्विषा शर्मा डेथ केस।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, भोपाल। नोएडा से भोपाल में ब्याही गई त्विषा शर्मा की कटारा हिल्स इलाके में स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का बहुचर्चित मामला शुरुआती जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार के गंभीर आरोपों के बाद अब राज्य पुलिस से निकलकर केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई के हवाले होने जा रहा है। सोमवार को भोपाल पुलिस की एसआईटी ने दिनभर केस से जुड़े दस्तावेज, बयान, मेडिकल रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों को व्यवस्थित कर केस डायरी तैयार की।

भोपाल पहुंची सीबीआई टीम

देर रात तक चली कार्रवाई के बीच यह भी जानकारी सामने आई कि दिल्ली से सीबीआई की टीम भोपाल पहुंच चुकी है और मंगलवार को औपचारिक रूप से केस टेकओवर कर सकती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि केस से जुड़ा हर तकनीकी और दस्तावेजी पहलू व्यवस्थित किया गया है, ताकि सीबीआई को जांच में किसी तरह की परेशानी न हो।

रात आठ बजे समर्थ को लेकर पहुंची पुलिस

सोमवार रात करीब आठ बजे एसआईटी त्विषा के आरोपित पति समर्थ सिंह को लेकर कटारा हिल्स में बागमुगालिया एक्सटेंशन स्थित उसके घर पहुंची। यहां पुलिस ने पूरे घटनाक्रम का स्पॉट वेरिफिकेशन कराया। समर्थ से उसी क्रम में घटना दोहराने को कहा गया, जैसा उसने पूछताछ में बताया था।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, समर्थ ने बताया कि वह त्विषा को खोजते हुए छत तक पहुंचा था। वहां से उसने अपने मौसेरे भाई और नौकर की मदद से शव नीचे उतारा। इसके बाद सीढ़ियों पर उसे सीपीआर देने की कोशिश की गई। पुलिस ने करीब आधे घंटे तक पूरे घटनाक्रम का क्राइम सीन रिक्रिएट कराया।

आधी रात को गिरिबाला से भी पूछताछ

रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात एसआईटी ने त्विषा की सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह से घर जाकर पूछताछ की। शादी के बाद के हालात, पारिवारिक विवाद और त्विषा के साथ संबंधों को लेकर लंबी पूछताछ की। अब जांच एजेंसी मां-बेटे के बयानों का तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों से मिलान कर रही है। भोपाल के पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने बताया कि पहले चरण की पूछताछ पूरी कर ली गई है। जरूरत पड़ने पर दूसरे चरण की पूछताछ भी की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें- त्विषा की मौत से मुखाग्नि तक... जानिए 13वें दिन तक का पूरा घटनाक्रम, कैसे सुप्रीम कोर्ट तक पहुंची कानूनी जंग?