विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

त्विषा की मौत से मुखाग्नि तक... जानिए 13वें दिन तक का पूरा घटनाक्रम, कैसे सुप्रीम कोर्ट तक पहुंची कानूनी जंग?

Published: Mon, 25 May 2026 03:25 PM (IST)Updated: Mon, 25 May 2026 04:27 PM (IST)

पूर्व मॉडल और अभिनेत्री त्विषा शर्मा की मौत का मामला 13 दिनों तक कानूनी लड़ाई और जांच प्रक्रियाओं से गुजरा, ...और पढ़ें

मौत के 13 दिन हुआ त्विषा शर्मा का अंतिम संस्कार।

मौत के 13 दिन हुआ त्विषा शर्मा का अंतिम संस्कार।

HighLights

  1. पूर्व मॉडल त्विषा शर्मा की मौत पर दोनों पक्षों में तीखा विवाद।

  2. दहेज प्रताड़ना के आरोप, पति समर्थ सिंह गिरफ्तार, पुलिस रिमांड।

  3. मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। नोएडा की पूर्व मॉडल और अभिनेत्री त्विषा शर्मा की मौत का मामला 13 दिनों तक लगातार नए मोड़ों से गुजरता रहा और राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना रहा। 12 मई को हुई उनकी मौत के बाद शुरू हुई कानूनी और पारिवारिक लड़ाई आखिरकार 24 मई की शाम उनके अंतिम संस्कार के साथ एक भावनात्मक पड़ाव तक पहुंची। भोपाल के भदभदा श्मशान घाट में त्विषा का अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके भाई मेजर हर्षित शर्मा ने चिता को मुखाग्नि दी।

इस पूरे मामले की सबसे दुखद या कहें कि त्रासद बात यह रही कि मौत के बाद उठे सवालों, जांच प्रक्रिया और दोनों पक्षों के बीच कानूनी विवाद के चलते त्विषा का अंतिम संस्कार उसकी मौत के बाद 13वें दिन संपन्न हो पाया।

त्विषा शर्मा की सगाई 12 मई 2025 को नोएडा में भोपाल निवासी वकील समर्थ सिंह के साथ हुई थी और दिसंबर 2025 में दोनों विवाह बंधन में बंधे थे। शादी के बाद वह भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में रहने लगी थीं।

ससुराल में मृत मिली त्विषा

12 मई 2026 को त्विषा शर्मा शहर के कटारा हिल्स इलाके में स्थित अपने ससुराल में मृत पाई गईं। इसके बाद उनके परिवार ने दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए मजबूर किए जाने के आरोप लगाए।

FIR और SIT जांच की शुरुआत

15 मई को पुलिस ने रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह के खिलाफ FIR दर्ज की। उसी दिन अदालत ने गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत दे दी, जबकि समर्थ सिंह फरार बताए गए।

16 मई को पुलिस ने मामले की जांच के लिए छह सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। परिजनों ने त्विषा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने और जांच दिल्ली से बाहर किसी स्वतंत्र एजेंसी से करवाने की मांग की। इसके बाद मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया।

17 मई को यानी अगले दिन त्विषा के परिवार ने मुख्यमंत्री से मिलने की कोशिश की और उन्हें मुलाकात नहीं मिलने पर मुख्यमंत्री आवास के बाहर संक्षिप्त धरना दिया। बाद में मुख्यमंत्री के OSD से मुलाकात हुई, जहां उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन मिला।

18 मई को भोपाल की एक सत्र अदालत ने फरार समर्थ सिंह की जमानत याचिका खारिज कर दी। इसके बाद भोपाल डीसीपी जोन-2 ने उनकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया।

CBI जांच की मांग और बढ़ा विवाद

19 मई को त्विषा शर्मा के परिवार ने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए स्वतंत्र जांच की मांग की। परिवार ने आरोप लगाया कि आरोपित पक्ष प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए त्विषा की छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने 19 मई को समर्थ सिंह के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया, ताकि वह देश छोड़कर विदेश न भाग सके।

सीएम से मुलाकात, सीबीआई जांच का आश्वासन

20 मई को परिवार ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें मामले में CBI जांच की मांग आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। इसी दिन भोपाल अदालत ने दूसरे पोस्टमार्टम की मांग खारिज कर दी। भोपाल कोर्ट ने एम्स प्रशासन को शव सुरक्षित रखने के निर्देश दिए ताकि वह खराब न हो। पुलिस ने समर्थ सिंह पर घोषित इनाम बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दिया।

21 मई को पुलिस ने गिरिबाला सिंह को बयान दर्ज कराने के लिए तीसरा और अंतिम नोटिस जारी किया। इसी दिन समर्थ सिंह ने हाईकोर्ट में नई जमानत याचिका दाखिल की, जबकि गृह विभाग ने मामले को CBI को सौंपने को लेकर बैठक की।

कोर्ट परिसर से हिरासत में लिया गया समर्थ

22 मई को समर्थ सिंह को जबलपुर जिला अदालत परिसर से हिरासत में लिया। उनके वकील के अनुसार, समर्थ सिंह अदालत में आत्मसमर्पण करने पहुंचे थे। बाद में पुलिस ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया।

सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान

23 मई को समर्थ सिंह को पुलिस ने भोपाल कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने समर्थ सिंह को 7 दिन की पुलिस रिमांड दी। त्विषा शर्मा केस में 23 मई को सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया की अध्यक्षता वाली बेंच ने 25 मई को सुनवाई तय की।

दोबारा पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार

24 मई को दिल्ली एम्स के डॉक्टरों की टीम ने भोपाल एम्स में त्विषा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया। इसके बाद शव मायके पक्ष को सौंप दिया गया। शाम को भोपाल के भदभदा श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

कौन थीं त्विषा शर्मा?

त्विषा शर्मा पूर्व मॉडल व अभिनेत्री थीं और जिन्होंने मिस पुणे का भी खिताब जीता था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मॉडलिंग से की और बाद में तेलुगु फिल्मों व शॉर्ट फिल्मों में अभिनय किया। साल 2021 में तेलुगु फिल्म मुग्गुरू मोनागल्लू में उन्होंने मुख्य भूमिका निभाई थी। इससे पहले वह 2018 की हिंदी शॉर्ट फिल्म जरा संभल के में भी नजर आई थीं।

अब इस मामले में जांच एजेंसियों और अदालत की आगामी कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

यह भी पढ़ें- Twisha Death Case: पुलिस रिमांड में समर्थ से पूछताछ तेज, बेंगलुरु ट्रिप से अजमेर यात्रा तक विवाद को लेकर सामने आई नई जानकारी