त्विषा मौत मामले में CBI ने संभाला मोर्चा, रिटायर्ड जज सास से की पूछताछ, घटनास्थल की पड़ताल और साक्ष्यों की जांच शुरू
सीबीआई ने नोएडा की त्विषा शर्मा की भोपाल में संदिग्ध मौत के मामले की जांच शुरू कर दी है। एजेंसी ...और पढ़ें

पूर्व जज गिरिबाला के घर पहुंची सीबीआई टीम।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, भोपाल। नोएडा की त्विषा शर्मा की भोपाल स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को जांच के पहले ही दिन एजेंसी ने मामले से जुड़े प्रमुख लोगों से पूछताछ कर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
गिरिबाला सिंह से पूछताछ
सीबीआई की टीम सबसे पहले उस घर में पहुंची, जहां त्विषा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। यहां अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और त्विषा की सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह से करीब आधे घंटे तक पूछताछ की।
सूत्रों के अनुसार, सीबीआई के अधिकारियों ने गिरिबाला सिंह से त्विषा और उनके पति समर्थ सिंह के वैवाहिक संबंधों, परिवार के माहौल और घटना से पहले की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल किए। जांच एजेंसी यह समझने का प्रयास कर रही है कि शादी के बाद दोनों के रिश्तों में किस तरह के बदलाव आए और घटना वाले दिन घर में क्या स्थिति थी। सीबीआई अधिकारियों ने यह भी जानकारी ली कि घटना से पहले त्विषा से आखिरी बार कब और क्या बातचीत हुई थी।

घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान सीबीआई की टीम ने कमरे और आसपास के हिस्सों का परीक्षण भी किया। टीम ने मौके से जुड़े भौतिक साक्ष्यों और घटनाक्रम की परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया। माना जा रहा है कि एजेंसी पुराने साक्ष्यों का दोबारा परीक्षण भी करा सकती है।
त्विषा के स्वजनों से भी ली जानकारी
गिरिबाला सिंह के निवास से निकलने के बाद सीबीआई की टीम लालघाटी स्थित थ्रीईएमई सेंटर पहुंची। यहां त्विषा के माता-पिता और अन्य रिश्तेदार ठहरे हुए हैं। यहां करीब एक घंटे टीम ने त्विषा के स्वजनों से विस्तार से पूछताछ की। परिवार के सदस्यों ने जांच अधिकारियों को बताया कि शादी के बाद से त्विषा लगातार मानसिक रूप से परेशान रहती थी।
उन्होंने मोबाइल मैसेज, फोन कॉल और आखिरी बातचीत से जुड़ी जानकारियां भी टीम को उपलब्ध कराई। सीबीआई अधिकारियों ने स्वजनों से यह भी जाना कि घटना से पहले त्विषा ने किन परिस्थितियों का जिक्र किया था और परिवार को किस तरह की आशंकाएं थीं। सूत्रों के अनुसार, एजेंसी ने मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के बारे में भी जानकारी जुटाई है।
एसआईटी ने सीबीआई को सौंपे साक्ष्य
सीबीआई टीम ने मंगलवार को भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से मुलाकात कर अब तक की जांच और पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली। वहीं देर रात एसआईटी प्रमुख एसीपी रजनीश कश्यप ने केस डायरी और अब तक जुटाए गए सभी साक्ष्य सीबीआई को सौंप दिए। इसमें जब्त इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री शामिल है।
उधर, बुधवार को सीबीआई त्विषा के पति समर्थ सिंह को विशेष अदालत में पेश करके रिमांड मांग सकती है।
