अफ्रीकी युवती को 10 लाख की नौकरी का झांसा, भारत बुलाकर देह व्यापार में धकेलने की कोशिश; विरोध पर भोपाल में मारपीट-दुष्कर्म
तीन दिन से कमरे में बंधक बनाकर मारपीट कर रहे थे अफ्रीकी महिला और युवक, पड़ोसियों ने पीड़िता की चीखें सुन पुलिस को बुलाया। कोलार पुलिस ने युगांडा की महिला और गाम्बिया देश के युवक के खिलाफ दर्ज किया केस, विस्तृत बयान न होने से दोनों फिलहाल गिरफ्त से बाहर।

-प्रतीकात्मक चित्र।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। अफ्रीकी देश तंजानिया की 25 वर्षीय युवती को आकर्षक नौकरी दिलाने का झांसा देकर भारत में बुलाया गया, लेकिन यहां उसे नौकरी देने के बजाय देह व्यापार में धकेलने की कोशिश की गई। आरोप है कि युगांडा की 35 वर्षीय महिला ने गाम्बिया के रहने वाले अपने पुरुष मित्र के साथ मिलकर युवती पर होटलों में ग्राहकों के सामने जाने का दबाव बनाया। युवती ने जब इसका विरोध किया तो दोनों उसे कोलार स्थित फ्लैट में ले गए और कमरे में बंद कर मारपीट की। युवक पर दुष्कर्म का भी आरोप है।
चीख सुनकर पड़ोसियों ने बुलाई पुलिस
लगातार तीन दिन तक मारपीट की आवाज और युवती की चीखें सुनकर पड़ोसियों ने शुक्रवार को डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती को मुक्त कराया और शनिवार को दोनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। फिलहाल भाषा की बाधा के कारण पीड़िता के बयान दर्ज नहीं हो सके हैं। पुलिस ने दोनों आरोपितों को नोटिस देकर छोड़ा है।
होटल में 10 लाख महीने की नौकरी का झांसा
कोलार पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय अमिदा नहबारा उर्फ सेरी मूलत: पूर्वी अफ्रीकी देश युगांडा की रहने वाली है। वह कोलार के एक फ्लैट में रहती है और हेयरस्टाइलिस्ट का काम करती है। साथ ही खुद को होटल इंडस्ट्री से जुड़ा भी बताती है। उसके साथ गाम्बिया निवासी 32 वर्षीय सेर्नो बल्हेड उर्फ अबू रहता है, जो एलएनसीटी कॉलेज में बीकॉम की पढ़ाई कर रहा है।
अमिदा ने तंजानिया में रहने वाली 25 वर्षीय युवती से ऑनलाइन दोस्ती की थी। उसने बताया था कि वह भारत में होटल में काम करती है और युवती को भी होटल में 10 लाख रुपये महीने की नौकरी दिलवा सकती है। इस भरोसे में युवती अक्टूबर 2026 में भारत आ गई।
मुंबई-इंदौर ले गए, ग्राहकों के सामने जाने का दबाव बनाया
आरोप है कि भारत आने के बाद महिला और युवक उसे नौकरी दिलाने के बजाय देह व्यापार में धकेलने की कोशिश करने लगे। दोनों उस पर होटलों में ग्राहकों के सामने जाने का दबाव बनाने लगे। इस दौरान वे पीड़िता को मुंबई, इंदौर समेत कई शहरों में लेकर गए। युवती ने जब इसका विरोध किया तो दोनों उसे भोपाल लेकर आए और कोलार स्थित फ्लैट में बंद कर मारपीट की। पीड़िता के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान हैं।
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र में चीते की खाल मिलने से कूनो पर उठे सवाल, क्या MP से हुई तस्करी? वन विभाग ने किया इन्कार
स्वाहिली में लिखा आवेदन, चैटजीपीटी की मदद से केस दर्ज
डीसीपी जोन-4 आदर्शकांत शुक्ला ने बताया कि पीड़िता केवल अपने देश की मूल भाषा स्वाहिली समझती हैं, उन्हें अंग्रेजी नहीं आती। उन्होंने स्वाहिली में शिकायती आवेदन लिखा था, जिसे चैटजीपीटी की मदद से अनुवाद कर शिकायत दर्ज की गई। तंजानिया एम्बेसी को पत्र लिखकर ट्रांसलेटर की मदद मांगी गई है।
डीसीपी के अनुसार पीड़िता के बयान दर्ज होने के बाद मामला स्पष्ट होगा। इसके आधार पर धाराओं में बढ़ोतरी कर आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल दोनों आरोपितों को नोटिस दिया गया है और उनकी निगरानी की जा रही है। पीड़िता के स्वजनों को भी सूचना दे दी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।