भोपाल-दिल्ली फ्लाइट में केंद्रीय मंत्री शिवराज को हुई परेशानी, आगे की सीट छोड़ पीछे बैठना पड़ा; स्टाफ ने की शिकायत
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को इंडिगो की भोपाल-दिल्ली उड़ान में सीट बदलने से असुविधा हुई। उनके स्टाफ ने नागरिक उड्डयन मंत्री से ड्यूटी मैनेजर की अनुपस्थिति और प्रोटोकॉल उल्लंघन की शिकायत की है।

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान।
HighLights
केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान को हवाई यात्रा में असुविधा हुई।
विमान बदलने से उनकी निर्धारित सीट बदल गई थी।
स्टाफ ने प्रोटोकॉल उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराई।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को भोपाल से दिल्ली की हवाई यात्रा के दौरान असुविधा का सामना करना पड़ा। इंडिगो एयरलाइन की उड़ान से दिल्ली रवाना होते समय विमान बदलने के कारण उनकी निर्धारित सीट भी बदल गई। उन्हें आगे की सीट के बजाय विमान के पिछले हिस्से में बैठना पड़ा। घटना 23 नवंबर की है। इस संदर्भ में उनके स्टाफ ने नागरिक उड्डयन मंत्री से शिकायत की है।
शिकायत में ड्यूटी मैनेजर की अनुपस्थिति और प्रोटोकॉल के पालन में लापरवाही का मुद्दा उठाया गया है। शिवराज के स्टाफ ऑफिसर भूपेंद्र सिंह परस्ते ने आरोप लगाया कि घटना के समय ड्यूटी मैनेजर सिद्धार्थ यादव मौके पर मौजूद नहीं थे। इसके चलते केंद्रीय मंत्री को असुविधा हुई।
ड्यूटी मैनेजर की गैरमौजूदगी पर उठाए सवाल
शिकायत के मुताबिक, ड्यूटी मैनेजर अक्सर मौके पर उपलब्ध नहीं रहते और उनकी जगह जूनियर कर्मचारी जिम्मेदारी संभालते हैं। इससे महत्वपूर्ण यात्रियों के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन प्रभावित होता है। स्टाफ ने इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की है।
एयरपोर्ट डायरेक्टर बोले- सुलझ गया मामला
भोपाल एयरपोर्ट के डायरेक्टर सुजीत कुमार पोद्दार ने बताया कि घटना चार दिन पहले की है। केंद्रीय मंत्री इंडिगो एयरलाइन की उड़ान से दिल्ली जा रहे थे। उनकी सीट विमान में पहली पंक्ति में निर्धारित थी, लेकिन अचानक विमान बदलने के कारण सीट की व्यवस्था भी बदल गई। इसी वजह से उन्हें कुछ असुविधा हुई।
यह भी पढ़ें- 'टिकट देने की औकात किसकी' बयान पर उमा भारती की सफाई, अब कहा- यह मेरा अहंकार नहीं... योग्यता से मिलती है जिम्मेदारी
पोद्दार के अनुसार, बाद में एयरलाइन के अधिकारियों के साथ बैठक कर मामला सुलझा लिया गया। एयरलाइन कंपनी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में इस तरह की चूक दोबारा नहीं होनी चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।