भोपाल में थाने के डिटेंशन सेंटर से विदेशी नागरिक फरार, पहरे पर तैनात सिपाही लेता रहा खर्राटे; निलंबित
भोपाल के तलैया थाने के डिटेंशन सेंटर से सेनेगल का नागरिक सैमुअल डियोप पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। ड्यूटी पर तैनात सिपाही के सो जाने के कारण हुई इस चूक के बाद उसे निलंबित कर दिया गया है और पुलिस फरार नागरिक की तलाश कर रही है।

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
सेनेगल का नागरिक भोपाल डिटेंशन सेंटर से फरार हो गया।
निगरानी में तैनात सिपाही ड्यूटी के दौरान झपकी ले रहा था।
लापरवाही के कारण सिपाही को तत्काल निलंबित कर दिया गया।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी के तलैया थाने में पुलिस निगरानी की बड़ी चूक सामने आई है। पासपोर्ट संबंधी मामले में डिटेंशन सेंटर में रखा गया सेनेगल का नागरिक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 3:20 बजे की बताई जा रही है। जिस समय विदेशी नागरिक सेंटर से भागा, वहां सुरक्षा में तैनात सिपाही ड्यूटी के दौरान सो रहा था। लापरवाही सामने आने पर संबंधित सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।
फरार विदेशी नागरिक की पहचान सैमुअल डियोप के रूप में हुई है। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है, वहीं थाने की सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
ट्रेन में पकड़ा गया था विदेशी नागरिक
सैमुअल को डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने भोपाल में ट्रेन से पकड़ा था। जांच के दौरान उसके पास पासपोर्ट नहीं होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद 6 नवंबर को उसे तलैया थाने के डिटेंशन सेंटर में रखा गया था।
डीसीपी जोन-3 आयुष गुप्ता के मुताबिक, विदेशी नागरिक किसी आपराधिक मामले में आरोपित नहीं था। ऐसे में उसे सामान्य पुलिस लॉकअप में हथकड़ी लगाकर रखने के बजाय थाने में बनाए गए डिटेंशन सेंटर में रखा गया था।
निगरानी के लिए तैनात था सिपाही
विदेशी नागरिक की निगरानी के लिए पुलिस लाइन से एक सिपाही की ड्यूटी लगाई गई थी। लेकिन रात करीब 3:20 बजे निगरानी के दौरान पुलिसकर्मी के सो जाने का फायदा उठाकर सैमुअल डियोप डिटेंशन सेंटर से भाग निकला।
घटना के बाद ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस फरार विदेशी नागरिक की तलाश कर रही है। इस घटना ने थाने के भीतर सुरक्षा इंतजामों और निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।