विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सीहोर में वन विभाग ने आदिवासियों का घर तोड़ा, फसलें रौंदी; केंद्रीय मंत्री शिवराज बोले- यह जुर्म की पराकाष्ठा

Published: Sun, 11 Oct 2026 09:59 PM (GMT+05:30)

सीहोर के कोसमी गांव में वन विकास निगम ने 12 आदिवासी परिवारों के घर तोड़े और उनकी फसलें नष्ट कर ...और पढ़ें

कार्रवाई के विरोध में प्रभावित परिवार धरने पर बैठ गए हैं, उनके बीच केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान। (फोटो- जागरण)

 कार्रवाई के विरोध में प्रभावित परिवार धरने पर बैठ गए हैं, उनके बीच केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. सीहोर में वन विकास निगम ने 12 आदिवासी परिवारों के घर तोड़े।

  2. देर शाम पीड़ितों से मिलने पहुंचे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान।

  3. केंद्रीय मंत्री शिवराज ने मुख्य सचिव को फोन कर जताई नाराजगी। 

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश के सीहोर जिले में बुधनी विधानसभा क्षेत्र स्थित कोसमी गांव में रविवार को वन विकास निगम ने अतिक्रमणरोधी अभियान चलाया। इस दौरान बारेला आदिवासी समुदाय के 12 परिवारों के घर बुलडोजर से तोड़ दिए गए। कुएं को मिट्टी डालकर भर दिया गया। मक्का और तुअर की फसल को ट्रैक्टर से रौंद दिया गया।

शिवराज ने कार्रवाई पर जताई नाराजगी

गरीब परिवारों के आशियानों को जमींदोज करने और खड़ी फसलों को नष्ट किए जाने की सूचना मिलते ही केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तत्काल कोसमी पहुंचे। वहां का मंजर देखकर केंद्रीय मंत्री का पारा चढ़ गया। उन्होंने बेघर हुए ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और साफ लहजे में चेतावनी दी कि गरीबों पर ज्यादती करने वाले अधिकारियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। प्रभावित परिवारों से मिलने के बाद इस कार्रवाई को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जुर्म की पराकाष्ठा बताया।

shr shivraj with protesters 214155

प्रभावित परिवारों को बंधाया ढाढस

ग्रामीणों का कहना है कि यहां आदिवासी परिवार 20 वर्ष से रह रहे थे। रविवार को वन विकास निगम की रेंजर जया यादव के नेतृत्व में पहुंचे वन अमले ने तोड़फोड़ की कार्रवाई की। देर शाम केंद्रीय मंत्री शिवराज वहां पहुंचे तो प्रभावित लोग उनसे लिपट कर रोने लगे। उन्होंने ढांढस बंधाते हुए कहा कि जिनके घर तोड़े गए हैं, उन सबके लिए पक्के नए मकान बनवाए जाएंगे। नए घर तैयार नहीं हो जाते, तब तक प्रभावित परिवारों के रहने और भोजन का पूरा प्रबंध कराया जाएगा।

shr tribal crop demolished 85496

मौके से मुख्य सचिव को किया फोन

शिवराज ने मुख्य सचिव अनुराग जैन को फोन करके नाराजगी जताई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को भी इसकी जानकारी दी। कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी बात करके कार्रवाई कराएंगे। क्षेत्रीय विधायक रमाकांत भार्गव ने भी कड़ी नाराजगी जताई।

यह भी पढ़ें- शिवराज के निर्देश के बावजूद सीहोर में आदिवासियों के घर तोड़ने, मक्का फसल उजाड़ने का आरोप, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

कांग्रेस ने सीएम पर साधा निशाना

कांग्रेस ने भी कार्रवाई का विरोध किया है। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के क्षेत्र में आदिवासियों के घर गिराए जा रहे हैं। यह मुख्यमंत्री के निर्देश पर हो रहा है। इस राजनीति में आम आदिवासी पिस रहा है।