सीहोर में केबल व बिजली उपकरणों के गोदाम में भड़की आग, आसमान में छाया धुएं का गुबार; लाखों के नुकसान की आशंका
सीहोर जिले के बगवाड़ा गांव में एक निजी कारखाने के विद्युत सामग्री गोदाम में भीषण आग लग गई। आग से ...और पढ़ें

गोदाम में लगी आग।
HighLights
सीहोर के बगवाड़ा में विद्युत सामग्री गोदाम में लगी आग।
केबल वायर, बिजली उपकरण, प्लास्टिक सामग्री जलकर राख।
आग की वजह से लाखों के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
डिजिटल डेस्क, सीहोर। प्रदेश के सीहोर जिले की बुदनी तहसील के ग्राम बगवाड़ा में मंगलवार शाम एक निजी कारखाने के विद्युत सामग्री गोदाम में अचानक आग लग गई। गोदाम में रखी केबल वायर, बिजली के उपकरण और बड़ी मात्रा में प्लास्टिक का सामान आग की चपेट में आ गया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आसमान में उठती ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर से दिखाई देने लगा।
आग की भयावहता को देखते हुए बुदनी नगर परिषद की दमकल के साथ वर्द्धमान फैब्रिक्स और ट्राइडेंट कंपनी की फायर ब्रिगेड को भी मौके पर बुलाया गया। इसके बावजूद आग पर शुरुआती प्रयासों में काबू नहीं पाया जा सका। हालात बिगड़ने पर नर्मदापुरम से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। आधा दर्जन से अधिक दमकलों की टीमें कई घंटे तक आग बुझाने और उसे आसपास फैलने से रोकने में जुटी रहीं।
हरियाणा निवासी संचालक का है कारखाना
जानकारी के अनुसार, ग्राम बगवाड़ा में संचालित निजी कारखाने के संचालक हरियाणा निवासी दीपक शर्मा हैं। यहां विद्युत सामग्री का कारोबार किया जाता है। गोदाम में बड़ी मात्रा में केबल वायर, बिजली के उपकरण और प्लास्टिक से जुड़े सामान का भंडारण था।
मंगलवार शाम अचानक गोदाम के एक हिस्से से आग की लपटें उठती दिखाई दीं। शुरुआत में वहां मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन ज्वलनशील सामग्री के कारण लपटें तेजी से फैलने लगीं। देखते ही देखते आग ने गोदाम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
नर्मदापुरम से भी बुलाने पड़े दमकल वाहन
सूचना मिलते ही बुदनी नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। आग की बढ़ती तीव्रता को देखते हुए वर्द्धमान फैब्रिक्स और ट्राइडेंट कंपनी की दमकलों को भी बुलाया गया। तीनों ओर से लगातार पानी की बौछारें की गईं, लेकिन गोदाम में रखे केबल और प्लास्टिक के सामान के कारण आग पर नियंत्रण पाना मुश्किल हो रहा था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने नर्मदापुरम से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए। इसके बाद आधा दर्जन से अधिक दमकलों ने अलग-अलग दिशाओं से मोर्चा संभाला। दमकलकर्मी आग को आसपास के हिस्सों तक फैलने से रोकने के साथ लपटों पर काबू पाने में जुटे रहे।
यह भी पढ़ें- भोपाल में मीडिया की आड़ में वसूली का खेल! तीन कॉल सेंटरों पर महाराष्ट्र पुलिस की दबिश, दो महिलाओं समेत चार गिरफ्तार
भारी नुकसान की आशंका
गोदाम में रखी केबल वायर, विद्युत उपकरण और प्लास्टिक सामग्री का बड़ा हिस्सा जलकर नष्ट होने की आशंका है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, आगजनी में लाखों रुपये का नुकसान हो सकता है। हालांकि, वास्तविक नुकसान का आकलन आग पूरी तरह बुझने और गोदाम में रखे सामान का निरीक्षण किए जाने के बाद ही हो सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।