विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जिस बुजुर्ग ने रोज खिलाई रोटी, उनकी अंतिम विदाई में साथ चला 'कालू'; दो मिनट के मौन ने सबको किया भावुक

Published: Tue, 24 Nov 2026 10:52 PM (IST)

सीहोर में बुजुर्ग मोहनलाल रायकवार स्ट्रीट डॉग 'कालू' को रोज रोटी खिलाते थे। कालू ने भी वफादारी निभाते हुए उनकी अंतिम यात्रा में साथ दिया। श्मशान घाट पर दो मिनट के मौन के दौरान भी वह शांत बैठा रहा, जिसने सभी को भावुक कर दिया।

बुजुर्ग की अंतिम यात्रा में शामिल कालू श्वान। (वीडियो ग्रैब)

बुजुर्ग की अंतिम यात्रा में शामिल कालू श्वान। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. कालू ने बुजुर्ग मोहनलाल रायकवार की अंतिम यात्रा में साथ दिया।

  2. श्मशान घाट पर दो मिनट के मौन में कुत्ता शांत बैठा रहा।

  3. इस वफादारी ने सीहोर में उपस्थित सभी को भावुक किया।

डिजिटल डेस्क, सीहोर। बेजुबान जानवरों का प्रेम और वफादारी कई बार ऐसे रूप में सामने आती है, जिसे देख इंसान भी भावुक हो जाते हैं। सीहोर के गल्ला मंडी क्षेत्र में शुक्रवार को ऐसा ही नजारा देखने को मिला। जिस स्ट्रीट डॉग को 75 वर्षीय बुजुर्ग रोज अपने हाथों से रोटी खिलाते थे, उनके निधन पर वही कुत्ता अंतिम विदाई देने श्मशान घाट तक पहुंच गया। इतना ही नहीं, श्रद्धांजलि सभा में दो मिनट के मौन के दौरान वह भी शांत बैठा रहा। 'ओम शांति' कहे जाने के बाद ही वह वहां से उठा।

रोज की रोटी ने बना दिया था गहरा रिश्ता

गल्ला मंडी मेन रोड स्थित राधेश्याम मंदिर चौराहे के आसपास रहने वाला 'कालू' इलाके में जाना-पहचाना स्ट्रीट डॉग है। मोहल्ले के कई लोग उसे खाना देते थे, लेकिन भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के सेवानिवृत्त कर्मचारी मोहनलाल रायकवार से उसका खास लगाव था।

75 वर्षीय रायकवार रोज नियमित रूप से कालू को रोटी और अन्य खाद्य सामग्री खिलाते थे। वे उसे नाम से पुकारते और उससे बातें भी करते थे। रोजाना का यही अपनापन धीरे-धीरे दोनों के बीच ऐसा रिश्ता बना गया, जो किसी बंधन या स्वार्थ से परे था।

अंतिम यात्रा में साथ चल पड़ा कालू

शुक्रवार को मोहनलाल रायकवार का निधन हो गया। सुबह करीब 11 बजे मंडी क्षेत्र से उनकी अंतिम यात्रा विश्राम घाट के लिए रवाना हुई। इसमें परिवार के सदस्यों के साथ बैंक के पूर्व सहकर्मी और समाजजन भी शामिल थे।

इसी दौरान कालू भी बिना किसी के बुलाए शव यात्रा के साथ चल पड़ा। वह लोगों के साथ श्मशान घाट पहुंचा और अंतिम संस्कार की पूरी प्रक्रिया के दौरान वहीं मौजूद रहा। वहां मौजूद लोगों के लिए यह दृश्य हैरान करने वाला था।

दो मिनट के मौन में भी रहा शांत

दाह संस्कार के बाद जब श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, तो संचालक ने सभी से दो मिनट का मौन रखने का आग्रह किया। इस दौरान कालू सभा के सामने आकर बैठ गया। वह पूरे समय शांत और अनुशासित बना रहा। जैसे ही संचालक ने 'ओम शांति' कहा, कालू वहां से उठा।

इसके बाद जब परिजन और अन्य लोग परंपरा के अनुसार रायकवार के घर पहुंचे, तो कालू भी उनके साथ घर तक गया। कुछ देर वहां रुकने के बाद वह चुपचाप अपने ठिकाने की ओर लौट गया।

यह भी पढ़ें- नितिन नवीन के कूटरचित वीडियो पर MP में गरमाई सियासत, साइबर थाने पहुंची भाजपा; पीसी शर्मा पर FIR की मांग

कालू की वफादारी देख भावुक हुए लोग

अंतिम यात्रा में शामिल व्यवसायी जयंत शाह, एडवोकेट राकेश सक्सेना और पूर्व पार्षद रामप्रकाश चौधरी ने बताया कि कालू का यह व्यवहार देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति भावुक हो गया। जिस बुजुर्ग ने सालों तक उसे स्नेह और भोजन दिया, उनकी अंतिम विदाई में कालू ने भी परिवार के सदस्य की तरह अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

सीहोर की यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि प्रेम और अपनापन केवल शब्दों के मोहताज नहीं होते। कभी-कभी एक बेजुबान भी अपने व्यवहार से ऐसा रिश्ता निभा जाता है, जिसे देखकर हर आंख नम हो जाती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।