सागर में नर्मदा स्नान से लौट रहे श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्राली पलटी, 3 की मौत; 30 से अधिक घायल
सागर जिले में नर्मदा स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली नीम घाटी के पास पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
डिजिटल डेस्क, सागर। नर्मदा स्नान कर गांव लौट रहे श्रद्धालुओं की खुशियां दर्दनाक हादसे में मातम में बदल गईं। सागर जिले के गौरझामर थाना क्षेत्र में नीम घाटी के पास रविवार दोपहर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी को उपचार के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। ट्राली के नीचे लोग दब गए थे। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए फंसे लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया।
नर्मदा स्नान के बाद गांव लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, सागर जिले की बंदरी तहसील के ग्राम गढ़ौला गोसाई से श्रद्धालु शनिवार को ट्रैक्टर-ट्राली में सवार होकर नर्मदा स्नान के लिए बरमान गए थे। रविवार को स्नान के बाद सभी वापस अपने गांव लौट रहे थे। ट्राली में करीब तीन दर्जन महिला, पुरुष और बच्चे सवार थे। इसी दौरान गौरझामर थाना क्षेत्र में नीम घाटी के पास फोरलेन पर ट्रैक्टर-ट्राली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
यह भी पढ़ें- भोपाल में थाने के डिटेंशन सेंटर से विदेशी नागरिक फरार, पहरे पर तैनात सिपाही लेता रहा खर्राटे; निलंबित
तीन लोगों ने मौके पर तोड़ा दम
दुर्घटना में रक्षा प्रजापति, प्रेमरानी यादव और राकेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें कई को गंभीर चोटें आई हैं। ट्राली पलटने के बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने बिना देर किए बचाव कार्य शुरू किया और दबे हुए श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।