सागर के शासकीय छात्रावास में नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म, चार माह तक किया शारीरिक शोषण, गर्भवती होने पर चला पता
सागर के सरकारी छात्रावास में 12 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने उसे डरा-धमकाकर ...और पढ़ें

नाबालिग से दुष्कर्म (प्रतीकात्मक चित्र)
HighLights
सागर के सरकारी छात्रावास में 12 वर्षीय छात्रा से दुष्कर्म।
आरोपी ने चार माह तक किया शोषण, छात्रा हुई गर्भवती।
पेट दर्द से खुला मामला, आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता अस्पताल में।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। सागर जिले के एक सरकारी छात्रावास में रह रही 12 साल की छात्रा के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के साथ आरोपित ने डरा-धमकाकर कई बार दरिंदगी की। मामले का खुलासा जब हुआ, तब तक उसे तीन माह का गर्भ ठहर चुका था। नाबालिग के माता पिता ने पेट में दर्द की शिकायत होने पर उसकी जांच कराई तो होस्टल में हुए दुष्कर्म का मामला सामने आया।
हमीदिया में भर्ती है पीड़िता
मामला जिले के खुरई थानांतर्गत आने वाले एक आदिवासी सरकारी छात्रावास से जुड़ा है। पीड़िता भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती है, वहीं इस मामले में कोहेफिजा थाने में जीरो पर कायमी कर केस डायरी खुरई भेजी गई है। जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर एक टीम भोपाल रवाना की है जो पीड़िता के बयान दर्ज करेगी, वहीं आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
होस्टल में सब्जी लेकर आता था आरोपित
आरोप है कि आरोपित जान से मारने की धमकी देकर करीब 4 महीने तक नाबालिग से रेप करता रहा। वह छात्रावास में हरी सब्जी लेकर आता था। पीड़िता के मुताबिक चार माह पहले एक दिन वह उसके कमरे में जबरन घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बारे में किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डरी-सहमी छात्रा चुप रही। इसके बाद भी कई बार आरोपित ने डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। छात्रा विदिशा जिले की रहने वाली है, वह दो साल से होस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही है।
विगत शनिवार को छात्रा के पेट में दर्द हुआ तो उसने वार्डन और चौकीदार को बताया। वार्डन ने छात्रा के माता-पिता को बुलाया। स्वजन उसे 1 फरवरी को भोपाल के हमीदिया अस्पताल इलाज के लिए लेकर पहुंचे, जहां जांच के दौरान उसके गर्भवती होने का पता चला। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन द्वारा कोहेफिजा पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल पीड़िता का हमीदिया में इलाज जारी है।
