महाकुंभ से सुर्खियों में आई साध्वी हर्षा रिछारिया ऑनलाइन बुलींग का शिकार, भोपाल साइबर सेल में की शिकायत
साध्वी हर्षा रिछारिया ने भोपाल साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है कि इंटरनेट मीडिया पर अभद्र टिप्पणियों और AI ...और पढ़ें

साध्वी हर्षा रिछारिया।
HighLights
साध्वी हर्षा रिछारिया ने भोपाल साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।
AI से बनी फर्जी फोटो-वीडियो से ऑनलाइन बदनामी का आरोप।
महाकुंभ के बाद स्वधर्मी लोगों पर भी छवि खराब करने का आरोप।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रयागराज महाकुंभ के दौरान सुर्खियों में आईं साध्वी हर्षा रिछारिया ने इंटरनेट मीडिया पर कथित अभद्र टिप्पणियों और एआई से तैयार फर्जी फोटो-वीडियो के जरिए छवि खराब करने की शिकायत की है। शुक्रवार को वे भोपाल पुलिस की साइबर सेल पहुंची और अधिकारियों को आवेदन सौंपा। उनका आरोप है कि पिछले कई महीनों से उनके इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर उन पर अभद्र टिप्पणियां की जा रही हैं और AI की मदद से उनकी फर्जी तस्वीरें और वीडियो प्रसारित कर उन्हें बदनाम किया जा रहा है।
AI से किसी को बदनाम करना हुआ आसान
हर्षा रिछारिया ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से वे इस तरह की अभद्र टिप्पणियों को झेल रही हैं। इंटरनेट मीडिया पर किसी लड़की के चरित्र को लेकर कुछ भी कहना और व्यक्तिगत हमले करना आसान हो गया है। एआई तकनीक आने के बाद किसी की फर्जी तस्वीरें और वीडियो बनाकर उसे बदनाम करना भी आसान हो गया है।
उन्होंने कहा कि महिलाएं एक सीमा तक ऐसी टिप्पणियों को नजरअंदाज करती हैं, लेकिन जब पानी सिर से ऊपर चला जाता है तो उचित कार्रवाई जरूरी हो जाती है। हर्षा के मुताबिक, शिकायत करने का उनका उद्देश्य उन दूसरी लड़कियों की आवाज उठाना भी है, जो इंटरनेट मीडिया पर इस तरह के हमलों का सामना कर रही हैं, लेकिन अपनी बात सामने नहीं रख पातीं।
पुलिस को सौंपा शिकायती आवेदन
साध्वी हर्षा ने बताया कि उन्होंने पुलिस को आवेदन सौंप दिया है और अब मामले की जांच अधिकारियों पर छोड़ दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अभद्र व्यवहार करने वालों को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वे इस मामले को अब नजरअंदाज नहीं करेंगी।
स्वधर्मियों पर लगाए आरोप
हर्षा रिछारिया ने यह भी आरोप लगाया कि प्रयागराज महाकुंभ में शामिल होने के दिन से ही उनके खिलाफ टिप्पणियां और आरोप लगाने का सिलसिला शुरू हो गया था। उन्होंने दावा किया कि उन्हें बदनाम करने की कोशिश करने वालों में उनके अपने धार्मिक समुदाय के कुछ लोग भी शामिल हैं।
उनके अनुसार, जिन लोगों को वे भाई, पिता, बहन और मां समान मानती हैं, उनमें से कुछ ने ही उनके खिलाफ सबसे ज्यादा व्यक्तिगत टिप्पणियां कीं। उन्होंने कहा कि खुद को सनातनी कहने वाले कुछ लोगों की ओर से भी उन्हें निशाना बनाया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।