दुबई से बेटी भोपाल आई तो बैंक लॉकर से गायब मिले गहने, पूर्व RERA चेयरमैन ने पुलिस को दी सूचना; फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी
पूर्व रेरा चेयरमैन एपी श्रीवास्तव और उनकी बेटियों के भोपाल स्थित एसबीआई लॉकर से सोने के जेवर गायब हो गए ...और पढ़ें

HighLights
पूर्व रेरा चेयरमैन के एसबीआई लॉकर से जेवर गायब।
लॉकर का ताला टूटा नहीं मिला, पुलिस जांच में जुटी।
फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, डुप्लीकेट चाबी की आशंका।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल में बैंक लॉकर की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। लिंक रोड नंबर-3 स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेस्ट मैनेजमेंट (IIFM) परिसर में संचालित एसबीआई शाखा के लॉकर से पूर्व रेरा चेयरमैन एपी श्रीवास्तव और उनकी बेटियों के सोने के जेवर गायब होने का मामला सामने आया है। गुरुवार को दुबई से भोपाल पहुंची बेटी सुरभि के साथ श्रीवास्तव लॉकर खोलने पहुंचे तो अंदर रखे गहने नदारद मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
हैरानी की बात यह है कि लॉकर का ताला टूटा हुआ नहीं मिला। शुरुआती जांच में हैंडल पर भी फिंगरप्रिंट नहीं मिले हैं। ऐसे में पुलिस के सामने यह पता लगाने की चुनौती है कि लॉकर को किस तरह खोला गया और गहने कब गायब हुए।
दिसंबर 2024 में लिया था ज्वाइंट लॉकर
एपी श्रीवास्तव के मुताबिक, उन्होंने 13 दिसंबर 2024 को अपनी बेटियों सुरभि और श्रुति के साथ एसबीआई में लॉकर नंबर 502 संयुक्त रूप से आवंटित कराया था। इसके लिए बैंक को सालाना 2,380 रुपये किराया दिया जाता था। सुरभि दुबई में रहती हैं, जबकि दूसरी बेटी श्रुति बेंगलुरु में रहती हैं।
श्रीवास्तव का कहना है कि लॉकर में रखे जेवरों की तस्वीरें भी उनके पास मौजूद हैं। गुरुवार को सुरभि अपने गहने लेने पहुंचीं तो चाबी लगाने के दौरान लॉकर का लॉक अटक रहा था। काफी मशक्कत के बाद लॉकर खुला, लेकिन अंदर रखे जेवर गायब थे।
डुप्लीकेट चाबी या लॉक से छेड़छाड़ की आशंका
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस के साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने भी लॉकर की जांच की। शुरुआती पड़ताल में न तो ताला टूटा मिला और न ही हैंडल पर फिंगरप्रिंट के निशान मिले। अब पुलिस इस बिंदु पर जांच कर रही है कि लॉकर के लॉक से छेड़छाड़ की गई थी या उसे डुप्लीकेट चाबी से खोला गया।
पुलिस बैंक परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगालने की तैयारी कर रही है, ताकि लॉकर तक पहुंचने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें- साइबर अटैक की आशंका से मध्य प्रदेश में अलर्ट, 22 सरकारी वेबसाइट बंद; डेटा बचाने के लिए बड़ा कदम
दूसरे बैंक के लॉकर में भी जेवर तलाश रहे श्रीवास्तव
लॉकर में संयुक्त खातेदार होने के कारण परिवार ने दूसरी बेटी श्रुति को भी बेंगलुरु से भोपाल बुलाया है। उससे भी मामले में जानकारी ली जा सकती है। उधर, श्रीवास्तव पंजाब नेशनल बैंक में रखे अपने दूसरे लॉकर की भी जांच कर रहे हैं। वहां रखे जेवरों का मिलान होने के बाद ही गायब हुए गहनों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
अभी लिखित शिकायत नहीं, पुलिस कर रही पड़ताल
कमलानगर थाना प्रभारी निरूपा पांडे ने बताया कि गुरुवार को फोन पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाकर जांच कराई गई है। फिलहाल परिवार की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है और न ही प्रकरण दर्ज किया गया है। पूर्व रेरा अधिकारी अपने दूसरे बैंक लॉकर में भी जेवर तलाश रहे हैं। लिखित शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।