न ब्रश, न ग्लव्स... फिर हाथों से टॉयलेट साफ करने लगे रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, Video वायरल
रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा का स्वच्छता का अनोखा अंदाज फिर चर्चा में है। उनका एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें ...और पढ़ें
HighLights
सांसद जनार्दन मिश्रा ने हाथों से टॉयलेट साफ किया।
उनका यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पहले भी शासकीय विद्यालयों में पहुंचकर ऐसी सफाई कर चुके।
डिजिटल डेस्क, रीवा। प्रदेश की रीवा संसदीय सीट से लोकसभा सदस्य जनार्दन मिश्रा एक बार फिर अपने स्वच्छता के अनोखे अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। उनका एक ताजा वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें सांसद खुद टॉयलेट की सफाई करते नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि उन्होंने सफाई के लिए न तो ब्रश का इस्तेमाल किया और न ही ग्लव्स पहने। छोटे मग्गे से पानी डालते हुए वे हाथों से टॉयलेट साफ करते दिखाई दे रहे हैं।
गंदगी देखकर खुद सफाई में जुटे
वायरल वीडियो में जनार्दन मिश्रा हल्की पीली शर्ट और सफेद पैंट पहने उकड़ू बैठकर टॉयलेट साफ करते नजर आते हैं। वे मग्गे से पानी डालते हैं और हाथों से गंदगी हटाते हैं। वीडियो रीवा जिले का बताया जा रहा है। इसके सामने आने के बाद सांसद की पुरानी स्वच्छता गतिविधियों की भी चर्चा शुरू हो गई है।
2018 में स्कूल के बंद शौचालय को हाथ से किया था साफ
जनार्दन मिश्रा का स्वच्छता से जुड़ा यह अंदाज नया नहीं है। 15 फरवरी 2018 को रीवा जिले की ग्राम पंचायत भुशुड़ी के प्राथमिक विद्यालय में जनसंपर्क के दौरान उन्होंने मिट्टी से जाम शौचालय को खुद हाथों से साफ किया था। उस समय उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर इसकी तस्वीर और जानकारी साझा करते हुए लिखा था कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांव के स्कूल में बंद पड़े शौचालय की सफाई की है। उनका यह वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर खूब वायरल हुआ था और 30 हजार से अधिक बार देखा गया था।
बच्चों को नहलाया, नाखून काटे और शिक्षकों को दी थी सलाह
इसी साल 23 जनवरी को नईगढ़ी के अल्हौवा शासकीय विद्यालय के निरीक्षण के दौरान भी सांसद का अलग अंदाज देखने को मिला था। स्कूल में बच्चों की साफ-सफाई की स्थिति देखकर उन्होंने एक बच्चे को खुद नहलाया और उसके पैर रगड़कर साफ किए। इसके अलावा कुछ बच्चों के नाखून भी काटे थे।
उन्होंने शिक्षकों से कहा था कि अभिभावकों को समझाएं कि वे बच्चों को रोज नहलाकर और साफ-सुथरे कपड़ों में स्कूल भेजें। इसी दौरान वे रीवा शहर में झाड़ू लगाते और कचरा वाहन चलाते हुए भी नजर आए थे।
बोले थे- यह दूसरों के लिए मुश्किल, लेकिन मेरी आदत
उस समय जनार्दन मिश्रा ने कहा था कि दूसरों के लिए यह काम मुश्किल हो सकता है, लेकिन अब उनकी आदत बन चुका है। वे जहां भी जाते हैं, वहां शौचालय की स्थिति जरूर देखते हैं। उनका कहना था कि प्राथमिक स्कूलों में सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था नहीं होती और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता को लेकर जागरूकता की भी कमी है।
यह भी पढ़ें- MP में 27% OBC आरक्षण मामले में कानूनी पेंच, सुप्रीम कोर्ट में दायर सरकार की SLP में 10 खामियां; तीन कैविएट भी दाखिल
2022 में भी गंदा टॉयलेट देखकर खुद उठाया था जिम्मा
22 सितंबर 2022 को सेवा पखवाड़े के तहत खटखरी गांव के कन्या विद्यालय में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में वे मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। वहां गंदा शौचालय देखकर उन्होंने फिर खुद सफाई शुरू कर दी। बाल्टी से पानी लेकर हाथों से ही टॉयलेट को साफ किया।
इस दौरान उन्होंने कहा था कि महात्मा गांधी से लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तक ने स्वच्छता का संदेश दिया है। लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से उन्होंने खुद सफाई की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।