रायसेन की नर्मदा घाटी में मिले जीवाश्म को मिट्टी से निकाला; भोपाल लैब में जांच से खुलेगा लाखों साल पुराना राज
मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में नर्मदा घाटी के पतई घाट पर एक विशालकाय हाथी के जबड़े और दांतों का जीवाश्म मिला है। इसे भोपाल लाया गया है। विशेषज्ञ इसे विलुप्त मैमथ या स्टेगोडॉन प्रजाति का मान रहे हैं, जिसकी विस्तृत जांच की जाएगी।

नर्मदा घाटी में मिले जीवाश्म को मिट्टी से निकालते विज्ञानी।
HighLights
रायसेन के पतई घाट पर मिला हाथी का जीवाश्म।
विलुप्त मैमथ या स्टेगोडॉन प्रजाति का होने की संभावना।
भोपाल में सुरक्षित, विस्तृत वैज्ञानिक जांच की जाएगी।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश की नर्मदा घाटी में प्राचीन जीवों के इतिहास से जुड़ी एक महत्वपूर्ण खोज सामने आई है। रायसेन जिले की देवरी तहसील के पतई घाट पर मिला विशालकाय हाथी के जबड़े और दांतों का जीवाश्म शुक्रवार को सुरक्षित निकालकर भोपाल लाया गया। विशेषज्ञों के शुरुआती आकलन में इसके विलुप्त हो चुके मैमथ या स्टेगोडॉन प्रजाति के हाथी का होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, इसकी वास्तविक प्रजाति और उम्र का खुलासा विस्तृत वैज्ञानिक जांच के बाद ही हो सकेगा।
करीब 75 सेंटीमीटर लंबा और 25 सेंटीमीटर चौड़ा यह जीवाश्म पीली मिट्टी के ऊपर चट्टान में चिपका हुआ था। इसकी बनावट अंग्रेजी के अक्षर 'वी' जैसी है। विशेषज्ञों ने आसपास की मिट्टी हटाकर बेहद सावधानी से इसे बाहर निकाला। जीवाश्म मिलने के बाद गांव के कुछ बच्चों ने इसके कुछ दांत तोड़ दिए थे। इसके बावजूद शेष हिस्से को सुरक्षित निकालने में टीम सफल रही। फिलहाल इसे भोपाल में पुरातत्व विभाग के संग्रहण कक्ष में सुरक्षित रखा गया है।
पुणे और लखनऊ के विशेषज्ञों ने मिलकर किया रेस्क्यू
जीवाश्म को निकालने का काम पुणे के डेक्कन कॉलेज पोस्ट ग्रेजुएट एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट के सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं जीवाश्म विज्ञानी विजय साठे के नेतृत्व में किया गया। वहीं, लखनऊ स्थित बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अंजलि त्रिवेदी भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। विशेषज्ञों की निगरानी में जीवाश्म की खुदाई, सफाई और सुरक्षित पैकिंग की गई।
डॉ. त्रिवेदी के प्रारंभिक आकलन के अनुसार, यह जीवाश्म क्वाटरनरी कालखंड का हो सकता है। उस समय पाए जाने वाले हाथी वर्तमान हाथियों की तुलना में काफी बड़े होते थे। उनकी ऊंचाई करीब 12 फीट तक होती थी और वजन कई टन होता था। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि जीवाश्म किस प्रजाति का है और कितने पुराने समय का है।
मिट्टी के नमूनों से खुलेगा लाखों साल पुराना राज
जीवाश्म के साथ मौके से मिट्टी के नमूने भी एकत्र किए गए हैं। इनका वैज्ञानिक और रासायनिक परीक्षण किया जाएगा। इससे जीवाश्म की काल गणना, उसकी भूगर्भीय स्थिति और आसपास के प्राचीन पर्यावरण की जानकारी जुटाने में मदद मिलेगी। प्रारंभिक जांच के बाद यह भी तय किया जाएगा कि विस्तृत अध्ययन लखनऊ के बीरबल साहनी संस्थान में होगा या पुणे में।
विशेषज्ञों का अनुमान है कि यह जीवाश्म आसपास के किसी क्षेत्र से बहकर नर्मदा के पतई घाट तक पहुंचा होगा। इसकी वास्तविक उत्पत्ति का पता विस्तृत भूगर्भीय और वैज्ञानिक अध्ययन के बाद ही चल पाएगा।
यह भी पढ़ें- रायसेन की नर्मदा घाटी में मिला विलुप्त हाथी का जीवाश्म! 26 हजार साल पुराने स्टेगोडॉन का जबड़ा होने की संभावना
जीवाश्मों का खजाना है नर्मदा घाटी
डॉ. अंजलि त्रिवेदी के मुताबिक, नर्मदा घाटी जीवाश्मों की दृष्टि से बेहद समृद्ध क्षेत्र है। यहां पहले भी डायनासोर और होमिनिन्स के जीवाश्म मिल चुके हैं। क्षेत्र में व्यवस्थित वैज्ञानिक सर्वेक्षण और शोध किया जाए तो भविष्य में भी कई महत्वपूर्ण खोजें हो सकती हैं। इन जीवाश्मों के अध्ययन से लाखों साल पहले के जलवायु परिवर्तन, वनस्पतियों, जीव-जंतुओं और पर्यावरण की परिस्थितियों को समझने में मदद मिलेगी।
आयुक्त पुरातत्व संचालनालय एवं अभिलेखागार अभय बेडेकर ने बताया कि विभाग विशेषज्ञ संस्थानों के सहयोग से इस जीवाश्म पर आगे शोध कराएगा। इसमें इसकी आयु, प्रजाति और तत्कालीन पर्यावरण से जुड़े पहलुओं का अध्ययन किया जाएगा। यह खोज भारतीय उपमहाद्वीप में प्राचीन हाथियों की प्रजातियों और उनके भौगोलिक विस्तार को समझने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।