विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP में शिक्षक भर्ती पर गरमाई सियासत, राहुल गांधी ने CM मोहन को लिखा पत्र; कहा- पदवृद्धि कर युवाओं को दें मौका

Published: Mon, 05 Oct 2026 04:22 PM (IST)

राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि की मांग की ...और पढ़ें

राहुल गांधी व सीएम डॉ. मोहन यादव।

राहुल गांधी व सीएम डॉ. मोहन यादव।

HighLights

  1. राहुल गांधी ने शिक्षक भर्ती को लेकर सीएम मोहन यादव को पत्र लिखा।

  2. उन्होंने वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि की मांग की।

  3. आंदोलनरत अभ्यर्थियों को दिए गए नोटिस वापस लेने का आग्रह।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में पदवृद्धि की मांग को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे चयनित शिक्षक अभ्यर्थियों को अब राहुल गांधी का समर्थन मिला है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि की मांग उठाई है। 29 सितंबर को लिखे पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बड़ी संख्या में शिक्षकों के पद खाली हैं, जिसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है।

वर्ग-3 में 13,089 और वर्ग-2 में 10,800 पदों पर भर्ती

राहुल गांधी ने पत्र में दावा किया कि मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहले से ही एक लाख से ज्यादा शिक्षकों के पद खाली हैं। इसके बावजूद शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-3 के केवल 13,089 और वर्ग-2 के 10,800 पदों पर भर्ती निकाली गई है। उन्होंने कहा कि रिक्त पदों की तुलना में भर्ती के लिए तय पदों की संख्या कम होने से बड़ी संख्या में योग्य अभ्यर्थी नौकरी से वंचित रह जा रहे हैं।

उम्र सीमा के करीब पहुंच रहे अभ्यर्थी

पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि कई युवा शिक्षक भर्ती परीक्षा में अच्छे अंक हासिल कर चुके हैं और कुछ अभ्यर्थी अतिथि शिक्षक के रूप में भी सेवाएं दे रहे हैं। सीमित पदों के कारण उन्हें स्थायी नौकरी नहीं मिल पा रही है। वहीं, इंतजार करते-करते कई अभ्यर्थी निर्धारित आयु सीमा के करीब पहुंच गए हैं।

यह भी पढ़ें- MP में SIR के बाद फिर अपडेट होगी वोटर लिस्ट, 10 अक्टूबर तक मौका; कांग्रेस रखेगी हर नाम पर पैनी नजर

‘नोटिस वापस लेकर प्रतिनिधियों से बात करे सरकार’

राहुल गांधी ने शिक्षक अभ्यर्थियों के आंदोलन और भूख हड़ताल का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी बात सरकार तक पहुंचाने के लिए अभ्यर्थियों को आंदोलन और भूख हड़ताल का सहारा लेना पड़ रहा है, जबकि उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें नोटिस भेजकर डराने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से आंदोलनरत अभ्यर्थियों को भेजे गए नोटिस तत्काल वापस लेने और उनके प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी मांगें सुनने का आग्रह किया।

राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि करने के साथ ही दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करने की मांग की है।