विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

तीन दिवसीय संसद सत्र की अटकलें फिर तेज, सभी राज्यों के नेतृत्व के लिए भाजपा ने जारी किया अलर्ट

By Dhananjay Pratap SinghEdited By: Ravindra Soni
Published: Mon, 23 Nov 2026 09:14 PM (IST)

केंद्र सरकार द्वारा परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों पर संसद सत्र बुलाने की अटकलें तेज हो गई हैं। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के संकेत पर सीएम मोहन यादव ने विदेश यात्रा रद की, सभी नेताओं को राज्य में रहने को कहा गया है।

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ। (सौजन्य- इंटरनेट मीडिया)

भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ। (सौजन्य- इंटरनेट मीडिया)

HighLights

  1. संसद सत्र की अटकलें तेज, परिसीमन-महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा।

  2. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निरस्त की अपनी विदेश यात्रा।

धनंजय प्रताप सिंह, भोपाल। केंद्र सरकार द्वारा परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयकों को लेकर संसद का सत्र बुलाने की अटकलें फिर तेज हो गई हैं। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से मिल रहे संकेतों के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी विदेश यात्रा निरस्त कर दी।

पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार केंद्रीय नेतृत्व ने सभी राज्यों के नेताओं से कहा है कि वे नवंबर के अंतिम सप्ताह में राज्य से बाहर न जाएं। पार्टी सूत्रों का यह भी मानना है कि पावस सत्र की निरंतरता में ही तीन दिनों का सत्र बुलाया जा सकता है। बता दें, संसद के पावस सत्र का अब तक औपचारिक रूप से अवसान नहीं हुआ है।

23 से 28 नवंबर तक प्रस्तावित था विदेश दौरा

डॉ. मोहन यादव 23 से 28 नवंबर तक राज्य के लिए निवेश जुटाने सिंगापुर की यात्रा पर जाने वाले थे। केंद्र सरकार की अनुमति प्राप्त करने से लेकर सारे कार्यक्रम तय कर लिए गए थे लेकिन डॉ. मोहन यादव ने आखिरी दिनों में यात्रा निरस्त कर दी। इधर, सीएम और अन्य पदाधिकारियों को नवंबर के अंतिम सप्ताह में अपने-अपने राज्य में ही रहने के निर्देश के बाद फिर संसद सत्र बुलाए जाने की चर्चा तेज हो गई है।

मानसून सत्र की निरंतरता में तीन दिन की बैठक संभव

पार्टी नेताओं के अनुसार शीतकालीन सत्र बुलाने के लिए उसके 15 दिन पहले अधिसूचना जारी करनी पड़ेगी इसलिए संभावनाएं जताई जा रही हैं कि पावस सत्र को ही आगे बढ़ाते हुए तीन दिनों का सत्र 26 नवंबर से बुलाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- MP में नए साल पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 13 कलेक्टर होंगे पदोन्नत, ग्वालियर की रुचिका चौहान बनेंगी सचिव

कैबिनेट विस्तार और एनसीपी की एंट्री पर भी अटकलें

बड़े नेता एक संभावना यह भी जता रहे हैं कि सत्र से ठीक पहले मोदी कैबिनेट में विस्तार भी किया जा सकता है। शरद पवार की एनसीपी को भी कैबिनेट में शामिल करने की संभावनाएं बताई जा रही हैं। इसके अलावा दक्षिण के राज्यों में परिसीमन के बाद सीटें घटने-बढ़ने को लेकर उपजा मतभेद दूर किए जाने की बात भी कही जा रही है। 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।