ओरछा के रामराजा मंदिर के खजाने की होगी जांच, बहुमूल्य आभूषणों का भौतिक सत्यापन कराने की तैयारी
ओरछा के प्रसिद्ध श्रीरामराजा मंदिर के खजाने को लेकर उठ रहे सवालों के बीच जिला प्रशासन ने जांच प्रक्रिया शुरू ...और पढ़ें

श्रीरामराजा मंदिर। (फाइल फोटो)
HighLights
जिला प्रशासन ने श्रीरामराजा मंदिर खजाने की जांच प्रक्रिया शुरू की।
2017 के बाद अब छह सदस्यीय उच्चस्तरीय दल भौतिक सत्यापन करेगा।
श्रद्धालुाओं से चढ़ावे में मिली बहुमूल्य वस्तुओं के आभूषणों का होगा मिलान।
डिजिटल डेस्क, टीकमगढ़। ओरछा के प्रसिद्ध श्रीरामराजा मंदिर के खजाने को लेकर उठ रहे सवालों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से चढ़ाए जाने वाले सोने-चांदी के आभूषणों और अन्य कीमती वस्तुओं का रिकॉर्ड वास्तविक सामग्री से मिलाया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने छह सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच दल गठित किया है।
मंदिर के खजाने का आखिरी बार वर्ष 2017 में भौतिक सत्यापन किया गया था। इसके बाद अब करीब नौ साल के अंतराल पर अभिलेखों और खजाने में मौजूद सामग्री का मिलान कराने की तैयारी है। कलेक्टर एवं श्रीरामराजा मंदिर प्रबंधन समिति की अध्यक्ष जमुना भिड़े के निर्देश पर जिला पंचायत निवाड़ी के सीईओ रोहन सक्सेना की अध्यक्षता में जांच दल बनाया गया है।
श्रद्धालुओं के चढ़ावे का रिकॉर्ड खंगालेगा जांच दल
श्रीरामराजा मंदिर में श्रद्धालु सोना, चांदी और अन्य बहुमूल्य वस्तुएं अर्पित करते हैं। इनका विवरण मंदिर कार्यालय की दान पंजी और संबंधित अभिलेखों में दर्ज किया जाता है। लंबे समय से भौतिक सत्यापन नहीं होने के कारण अब दस्तावेजों में दर्ज सामग्री और खजाने में उपलब्ध वस्तुओं का मिलान जरूरी माना जा रहा है।
प्रशासन के मुताबिक फिलहाल खजाने का कक्ष केवल आगामी सत्यापन की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए खोला गया था। ओरछा में इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के कारण अभी विस्तृत गणना और संपूर्ण भौतिक सत्यापन नहीं किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कक्ष खोलने के दौरान किसी भी आभूषण या वस्तु को हटाया अथवा छुआ नहीं गया। ताला भी सुरक्षित रखा गया है।
छह सदस्यीय दल में ये शामिल
कलेक्टर के आदेश पर गठित जांच दल की अध्यक्षता जिला पंचायत निवाड़ी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहन सक्सेना करेंगे। समिति में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवाड़ी, जिला कोषालय अधिकारी निवाड़ी, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री निवाड़ी, तहसीलदार पृथ्वीपुर और पुलिस अधीक्षक निवाड़ी की ओर से नामित पुलिस अधिकारी को सदस्य बनाया गया है।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में अब नई पीढ़ी के कंधों पर कांग्रेस की जिम्मेदारी, चुनावों में अहम रहेगी इनकी भूमिका
वीडियोग्राफी और पंचनामे के बीच खोला गया कक्ष
प्रशासन ने कक्ष खोलने और दोबारा बंद करने की पूरी प्रक्रिया में सुरक्षा और पारदर्शिता के इंतजाम किए। पूरी कार्रवाई की लगातार वीडियोग्राफी कराई गई। जांच दल के सदस्यों की कक्ष में प्रवेश से पहले और बाहर निकलने के बाद जांच की गई। मौके पर विधिवत पंचनामा भी तैयार किया गया।
प्रशासन के अनुसार, प्रक्रिया पूरी होने के बाद कक्ष का ताला बिना किसी नुकसान के पहले की तरह सुरक्षित बंद कर दिया गया।
अनुकूल समय पर होगा पूरा भौतिक सत्यापन
कलेक्टर जमुना भिड़े ने स्पष्ट किया कि अभी खजाने की सामग्री की गिनती या संपूर्ण जांच नहीं हुई है। फिलहाल केवल आगामी सत्यापन के लिए जरूरी तैयारियों और व्यवस्थाओं का आकलन किया गया है। उन्होंने कहा कि खजाने में रखी किसी भी वस्तु या आभूषण को निकाला नहीं गया है और न ही कोई अनियमितता हुई है। श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए उचित समय पर गठित जांच दल के माध्यम से पूरी संपत्ति का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इसके बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।