मध्य प्रदेश में अब नई पीढ़ी के कंधों पर कांग्रेस की जिम्मेदारी, चुनावों में अहम रहेगी इनकी भूमिका
मध्य प्रदेश कांग्रेस की कमान अब युवा पीढ़ी के नेताओं के हाथ में है, जो आगामी चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका ...और पढ़ें

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय। (फाइल फोटो)
HighLights
मध्य प्रदेश कांग्रेस की जिम्मेदारी अब युवा पीढ़ी के कंधों पर।
आगामी नगरीय निकाय से लोकसभा चुनावों में इनकी अहम भूमिका।
जीतू पटवारी, उमंग सिंघार जैसे युवा नेता कर रहे नेतृत्व।
वैभव श्रीधर, भोपाल। मध्य प्रदेश में अब कांग्रेस की जिम्मेदारी नई पीढ़ी के कंधों पर है। आगामी नगरीय निकाय से लेकर विधानसभा और लोकसभा चुनाव में इनकी अहम भूमिका रहेगी। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ अब सक्रिय राजनीति से दूर हैं, वहीं दिग्विजय सिंह ने साफ कर दिया है कि विधानसभा चुनाव प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में लड़ा जाएगा।
उधर, शनिवार को ही कमल नाथ के पुत्र नकुल नाथ ने भोपाल में दीपावली मिलन कार्यक्रम करके प्रदेश में सक्रिय होने के संकेत दिए। जीतू पटवारी ने भी कहा कि प्रदेश में युवा नेताओं की बड़ी टीम है, जो भाजपा से मुकाबले के लिए तैयार है।
विधानसभा क्षेत्र तक संगठन तैयार करने का दावा
वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के हाथों करारी हार का सामना करने के बाद कांग्रेस ने संगठन को नए सिरे से तैयार करने का जो कार्यक्रम चलाया, वह लगभग पूरा हो चुका है। विधानसभा क्षेत्र स्तर तक नई टीम तैयार करने का दावा किया गया है। उधर, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बेटे जयवर्धन सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल भूरिया के बेटे डा. विक्रांत भूरिया, पूर्व उप मुख्यमंत्री सुभाष यादव के बेटे अरुण यादव और सचिन यादव, कमलेश्वर पटेल, तरुण भनोत, रजनीश सिंह, हेमंत कटारे सहित अन्य नेताओं ने राजनीतिक विरासत संभाल ली है।
यह भी पढ़ें- MP के सरकारी दफ्तरों में बड़ा बदलाव: आउटसोर्स कर्मचारी हटेंगे, नियमित पदों पर होगी भर्ती
केंद्रीय संगठन ने भी युवा चेहरों पर जताया भरोसा
विभिन्न मोर्चों पर इन्होंने अपनी उपयोगिता भी सिद्ध की है। केंद्रीय संगठन ने ओबीसी और आदिवासी समिति में युवा नेताओं को शामिल कर स्पष्ट कर दिया है कि प्रदेश में कांग्रेस की जिम्मेदारी अब इन्हीं के कंधों पर रहेगी। विक्रांत भूरिया, अरुण यादव, सचिन यादव, कमलेश्वर पटेल, ओमकार सिंह मरकाम, कुणाल चौधरी, भूपेंद्र मरावी और हिना कांवरे को अलग-अलग दायित्व देकर जिस तरह से केंद्रीय संगठन आगे बढ़ा रहा है, उससे साफ है कि आगामी चुनावों में इनकी बड़ी भूमिका रहेगी।
कमल नाथ ने युवा पीढ़ी को दिया था बढ़ावा
वर्ष 2018 में कांग्रेस की सरकार बनने पर तत्कालीन मुख्यमंत्री कमल नाथ ने 16 ऐसे नेताओं को सीधे कैबिनेट मंत्री बनाया था, तो दूसरी बार चुनाव जीते थे। इसमें जीतू पटवारी, उमंग सिंघार, जयवर्धन सिंह, कमलेश्वर पटेल, तरुण भनोत, ओमकार सिंह मरकाम शामिल थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।