कभी सबसे साफ राजधानियों में शामिल था भोपाल, इस साल नहीं मिला 'स्वच्छ सर्वेक्षण' का निमंत्रण; कहां हुई चूक
भोपाल को इस साल राष्ट्रीय स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में आमंत्रित नहीं किया गया है, जो कभी देश की सबसे स्वच्छ राजधानियों में से एक था।

भोपाल को नहीं मिला स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 का निमंत्रण। (फाइल फोटो।)
HighLights
भोपाल को स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह में नहीं बुलाया गया।
कभी भारत की सबसे स्वच्छ राजधानियों में गिना जाता था।
कचरा प्रबंधन, निरीक्षण में कमी गिरावट के कारण।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के स्वच्छता रिकॉर्ड के लिए एक बड़ा झटका यह है कि शहर को बुधवार को नई दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 पुरस्कार समारोह में आमंत्रित नहीं किया गया है।
यह बात इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि कभी यह शहर भारत की सबसे स्वच्छ राज्य राजधानियों में गिना जाता था और स्वच्छ भारत अभियान की एक सफल मिसाल के तौर पर जाना जाता था। इस बार मध्य प्रदेश के कुल नौ शहरों ने इस सर्वेक्षण में अपनी जगह बनाई है लेकिन भोपाल चूक गया। इन शहरों में इंदौर, देपालपुर, उज्जैन, देवास, बुधनी, ग्वालियर, जबलपुर, रीवा और सागर शामिल हैं।
क्यों चूक गया भोपाल?
गौरतलब है कि इंदौर और उसके मेंटी (मार्गदर्शन प्राप्त करने वाले) शहर देपालपुर ने तो जगह बना ली है, जबकि भोपाल और उसके मेंटी शहर बेरसिया को इसमें शामिल नहीं किया गया है। स्वच्छता अभियानों के आंकड़े इस अलग-अलग प्रदर्शन के कुछ कारण बताते हैं।
भोपाल की मेयर मालती राय ने कहा, "बेरसिया को मार्गदर्शन देने के कारण काम का बोझ बढ़ गया, जिसका असर भोपाल के कुल प्रदर्शन पर पड़ा।" हालांकि, टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है किइस बार शहर में तीन बार निरीक्षण हुए, जिनमें से एक के बारे में भोपाल नगर निगम को भनक तक नहीं लगी।
सर्वे में रिपोर्ट में क्या निकला?
सर्वे रिपोर्ट में आदमपुर छावनी स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट साइट का भी आकलन किया गया था। इस रिपोर्ट में डंपसाइट पर आग लगने की तीन घटनाओं का जिक्र है। इससे शहर के वेस्ट मैनेजमेंट (कचरा प्रबंधन) के तरीकों पर और सवाल खड़े हो गए हैं।
भोपाल जिले ने 884 क्लीनलीनेस टारगेट यूनिट्स यानी सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए चुनी गई जगहों की पहचान की थी। इनमें से 812 जगहों पर काम पूरा कर लिया गया, जबकि 72 जगहों पर काम अभी बाकी है। इंदौर ने 380 जगहों की पहचान की थी, जिनमें से 349 पर काम पूरा हो गया है और 31 पर काम अभी लंबित है।
भोपाल ने अपनी 117 चिन्हित सार्वजनिक जगहों में से 104 की सफाई की, जबकि इंदौर ने अपनी 111 चिन्हित सार्वजनिक जगहों में से 102 की सफाई की। हालांकि, सूत्रों के अनुसार, सार्वजनिक जगहों की सफाई के कामों में इंदौर में 7,446 लोगों ने हिस्सा लिया, जबकि भोपाल में यह संख्या 2,805 थी।
वहीं, सीटीयू से जुड़े कामों में भोपाल में लोगों की भागीदारी ज्यादा रही। यहां 9,693 लोगों ने हिस्सा लिया, जबकि इंदौर में 3,422 लोगों ने भाग लिया। एक और बड़ी चुनौती आदमपुर छावनी में जमा पुराना कचरा है, जहां लगभग पांच लाख टन कचरा होने की बात सामने आई है। इस मामले पर सुप्रीम कोर्ट का भी ध्यान गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।