नर्मदापुरम: गर्भवती पत्नी की डिलीवरी को लेकर विवाद, नशे में बेटे ने मां और सौतेले पिता को जलती लकड़ी से पीट-पीटकर मार डाला
सोहागपुर क्षेत्र के ग्राम रैनीपानी में एक युवक ने शराब के नशे में विवाद के बाद चूल्हे से लकड़ी उठाई ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।
HighLights
सोहागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रैनीपानी में हुई वारदात।
गर्भवती पत्नी को लेकर युवक का मां-पिता से हुआ विवाद।
वारदात के आरोपी जंगल में भागा, पुलिस ने 12 घंटे में पकड़ा।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली दोहरी हत्या का मामला सामने आया है। सोहागपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रैनीपानी में शराब के नशे में एक युवक ने अपनी मां और सौतेले पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। गर्भवती पत्नी की डिलीवरी को लेकर परिवार में चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपी ने चूल्हे से जलती हुई मोटी लकड़ी निकालकर दोनों पर ताबड़तोड़ वार किए। गंभीर चोटों के कारण मां और सौतेले पिता की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी जंगल की ओर भाग निकला था।
गर्भवती पत्नी को रखने को लेकर था विवाद
पुलिस के अनुसार, आरोपी कमलेश उइके अपनी गर्भवती पत्नी को डिलीवरी के लिए मां के घर ग्राम रैनीपानी लेकर आया था। इस बात का उसके सौतेले पिता राधे उइके विरोध कर रहे थे। इसी मुद्दे को लेकर परिवार में तनाव बना हुआ था।
बताया गया कि घटना वाली रात कमलेश, उसकी मां तितो बाई और सौतेले पिता राधे उइके ने एक साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान गर्भवती पत्नी को लेकर पुराना विवाद फिर शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया।
चूल्हे से जलती लकड़ी उठाकर किया हमला
विवाद के दौरान कमलेश अपना आपा खो बैठा। उसने चूल्हे में जल रही मोटी लकड़ी उठाई और मां तितो बाई तथा सौतेले पिता राधे उइके पर लगातार हमला कर दिया। दोनों को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
दोहरी हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गया और जंगल की तरफ भाग निकला। घटना की जानकारी मिलने पर गांव में सनसनी फैल गई।
12 घंटे में गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला के निर्देशन में पुलिस टीम सक्रिय हुई। घटनास्थल पर एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीमों को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। वहीं, सोहागपुर पुलिस ने आरोपी की तलाश में सघन अभियान चलाया।
यह भी पढ़ें- भोपाल में भाजपा विधायक के बंगले में चोरी! खिड़की के सरिये तोड़कर घुसे बदमाश, टीवी-ड्राईफ्रूट्स ले गए
पुलिस ने करीब छह घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाने के बाद आरोपी कमलेश को एक कच्चे नाले के पास से पकड़ लिया। वारदात के करीब 12 घंटे के भीतर उसकी गिरफ्तारी कर ली गई। पुलिस मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
आरोपी कमलेश उइके के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
-अरविंद शाह, एसडीओपी, सोहागपुर।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।