भोपाल में भाजपा विधायक के बंगले में चोरी! खिड़की के सरिये तोड़कर घुसे बदमाश, टीवी-ड्राईफ्रूट्स ले गए
भोपाल में भाजपा विधायक अनिल जैन के सरकारी बंगले में तीसरी बार चोरी हुई है। चोर खिड़की के सरिए तोड़कर ...और पढ़ें

विधायक अनिल जैन के बंगले पर चोरी।
HighLights
भाजपा विधायक अनिल जैन के सरकारी बंगले में तीसरी बार चोरी हुई।
चोरों ने खिड़की के सरिए तोड़कर एलईडी टीवी और ड्रायफ्रूट्स चुराए।
पिछली चोरियों में भी टीवी और ड्रायफ्रूट्स ही निशाना बने थे।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब जनप्रतिनिधियों के सरकारी आवास भी उनके निशाने से सुरक्षित नहीं हैं। निवाड़ी से भाजपा विधायक अनिल जैन के प्रोफेसर्स कॉलोनी स्थित सरकारी बंगले में एक बार फिर चोरी हो गई। चोर खिड़की के सरिए तोड़कर अंदर घुसे और कमरे से एलईडी टीवी, चश्मा और डायनिंग टेबल पर रखे ड्रायफ्रूट्स के डिब्बे लेकर फरार हो गए। खास बात यह है कि विधायक के बंगले में चोरी की यह तीसरी घटना है और पहले की वारदातों में भी चोर टीवी और ड्रायफ्रूट्स ही ले गए थे।
3-4 नवंबर के दरमियान हुई घटना
पुलिस के मुताबिक, मामले की शिकायत कालीचरण अहिरवार (73) ने दर्ज कराई है। वे अवधपुरी के गोपाल नगर निवासी हैं और दुग्ध महासंघ से सेवानिवृत्त होने के बाद विधायक के बंगले पर काम करते हैं। उन्होंने बताया कि तीन नवंबर को दोपहर करीब 12 बजे वे बंगले पहुंचे थे। उस समय सब कुछ सामान्य था।
अगले दिन चार नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे जब वे दोबारा बंगले पहुंचे तो खिड़की के सरिए टूटे हुए मिले। अंदर जाकर जांच की तो विधायक के कमरे से एलईडी टीवी, डायनिंग टेबल पर रखे ड्रायफ्रूट्स के डिब्बे और चश्मा गायब थे। आशंका है कि चोरों ने तीन नवंबर दोपहर एक बजे से चार नवंबर दोपहर तीन बजे के बीच वारदात को अंजाम दिया।
यह भी पढ़ें- पांच लाख की ठगी पर पुलिस ने नहीं की सुनवाई, फरियादी ने थाने में खाया जहर; मरने से पहले Video में बयां किया दर्द
तीनों बार एक जैसा निशाना
विधायक अनिल जैन के सरकारी आवास को चोर पहले भी दो बार निशाना बना चुके हैं। हैरानी की बात यह है कि पिछली दोनों घटनाओं में भी टीवी और ड्रायफ्रूट्स चोरी होने की जानकारी सामने आई थी। अब तीसरी बार इसी तरह की वारदात ने बंगले की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल की जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।