विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंग्रेजों को चकमा देने नाना साहेब ने फैलाई थी अपनी मौत की झूठी खबर, घोषित था एक लाख का इनाम; 1857 के दुर्लभ पत्र ने खोले राज

Published: Wed, 25 Nov 2026 06:10 PM (IST)

नाना साहेब ने 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजों को चकमा देने के लिए अपनी मौत की झूठी खबर फैलाई थी। एक दुर्लभ पत्र से यह जानकारी मिली है, जिसके बाद अंग्रेजों ने उनकी गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।

नाना साहेब पेशवा। (सौजन्य- इंटरनेट मीडिया)

नाना साहेब पेशवा। (सौजन्य- इंटरनेट मीडिया)

HighLights

  1. नाना साहेब ने अंग्रेजों को चकमा देने को मौत की खबर फैलाई।

  2. 1857 के दुर्लभ पत्र से यह महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई।

  3. अंग्रेजों ने उनकी गिरफ्तारी पर एक लाख का इनाम रखा था।

शशिकांत तिवारी, भोपाल। अंग्रेजों से देश को स्वतंत्र कराने के लिए क्रांतिकारियों ने केवल हथियारों से लड़ाई नहीं लड़ी, बल्कि उन्हें चकमा देने कई तरह के दांव भी चले। वर्ष 1857 के स्वतंत्रता संग्राम में कानपुर में क्रांतिकारियों का नेतृत्व करने वाले नाना साहेब ने अंग्रेजों को भ्रमित करने के लिए समर्थकों से खबर फैलाई कि गंगा नदी में डूबने से उनकी मृत्यु हो गई है।

इसका उद्देश्य अंग्रेजों को निश्चिंत करना था, ताकि वे उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास छोड़ दें। इससे कुछ समय के लिए ब्रिटिश अधिकारी शांत भी हो गए। उधर, नाना साहेब भूमिगत रहकर तात्या टोपे और अन्य क्रांतिकारियों के साथ 1857 के आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति बनाते रहे।

मध्य प्रदेश राज्य पुरातत्व संचालनालय एवं अभिलेखागार द्वारा ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत पांडुलिपियों को पोर्टल पर अपलोड करते समय मिले एक पत्र से यह महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।

अंग्रेजों को हुआ शक, घोषित किया इनाम

पत्र ब्रिटिश रेजिडेंट ने होलकर रियासत को भेजा था। पुरालेख अधिकारी पद्म सिंह मीना ने बताया फारसी में लिखे पत्र को भाषा विशेषज्ञ सैयद नइमुद्दीन ने हिंदी में अनुवादित किया है। इसके अनुसार अंग्रेजों ने भी नाना साहेब की मौत की खबर पर भरोसा किया, लेकिन बाद में उन्हें संदेह हुआ कि नाना साहेब ने गिरफ्तारी से बचने के लिए झूठी खबर प्रसारित करवाई थी। इसके बाद ब्रिटिश सरकार ने उनकी गिरफ्तारी के लिए 19 अगस्त, 1857 को 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। 24 मार्च, 1858 को इसे बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया।

नाना साहेब ने खूब छकाया अंग्रेजों को

हालांकि, इसके बाद भी वे नाना साहेब को पकड़ नहीं पाए। नाना साहेब पेशवा (धोंडू पंत) 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख नेता थे। उन्होंने अंग्रेजों के विरुद्ध विद्रोह का नेतृत्व करने के साथ ही पेशवा शासन की पुनर्स्थापना का प्रयास किया। माना जाता है गिरफ्तारी से बचने वह नेपाल चले गए थे।

यह भी पढ़ें- MP में आउटसोर्स कर्मचारियों पर नहीं गिरेगी छंटनी की गाज, CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान

यह लिखा है पत्र में

'खबर नाना साहेब के डूबने की प्रकाशित की गई है। प्रेसिडेंट द्वारा गवर्नर जनरल को सूचना भेजी गई थी। खबर को सही नहीं मानते हुए उनको ढूंढना जरूरी है। गिरफ्तारी के बचने के लिए उन्होंने इस प्रकार सूचना पहुंचवाई है। उन्हें पकड़ा जाए।'

ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों के अनुवाद, संरक्षण और पोर्टल में अपलोड करने का काम चल रहा है। इसी कड़ी में नाना साहेब से जुड़ा यह पत्र सामने आया है।

-डॉ. मनीषा शर्मा, संयुक्त संचालक, पुरातत्व संचालनालय एवं अभिलेखागार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।