MP में आउटसोर्स कर्मचारियों पर नहीं गिरेगी छंटनी की गाज, CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घोषणा की है कि मध्य प्रदेश में किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी की सेवा समाप्त नहीं की जाएगी। सरकार इन कर्मचारियों के नियोजन पर विचार करेगी, जिससे नौकरी जाने की आशंका में चल रहे कर्मियों को राहत मिली है।

सीएम डॉ. मोहन यादव। (फाइल फोटो)
HighLights
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आउटसोर्स कर्मियों को नौकरी से न हटाने की घोषणा की।
सरकार आउटसोर्स कर्मचारियों के नियोजन के तरीकों पर विचार करेगी।
सीएम ने कहा- एक लाख से अधिक कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। मध्य प्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी की सेवा समाप्त नहीं की जाएगी। साथ ही इन कर्मचारियों को कहां और किस तरह नियोजित किया जा सकता है, इस पर सरकार विचार करेगी। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से नौकरी जाने की आशंका में चल रहे आउटसोर्स कर्मियों को राहत मिली है।
मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास पर 40 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने जुटकर सरकार के दो बच्चों संबंधी शर्त समाप्त करने के फैसले पर डॉ. यादव का अभिनंदन किया। राज्य कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष रमेशचंद्र शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कर्मचारी संगठनों ने अपनी लंबित मांगें भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं।
'कर्मचारी सरकार का अभिन्न अंग, किसी को भ्रम नहीं होना चाहिए'
मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कर्मचारी सरकार का अभिन्न हिस्सा हैं और प्रदेश की हर उपलब्धि में उनकी बराबर भागीदारी है। उन्होंने आउटसोर्स कर्मचारियों को लेकर साफ कहा कि किसी भी कर्मचारी को सेवा से नहीं हटाया जाएगा और इस बात को लेकर किसी के मन में कोई भ्रम नहीं होना चाहिए। कर्मचारियों को कहां नियोजित किया जा सकता है, इस पर भी विचार किया जाएगा।
एक लाख से अधिक कर्मचारियों को मिला पदोन्नति का लाभ
डॉ. मोहन यादव ने कर्मचारी हित में किए गए फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबे समय से पदोन्नति की प्रक्रिया ठप पड़ी थी। सरकार ने पहल कर पात्रता के आधार पर एक लाख से अधिक कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिलाया। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के लिए कंप्यूटर दक्षता परीक्षा पास करने की अनिवार्यता में भी छूट दी गई है।
उन्होंने बताया कि महंगाई भत्ता और महंगाई राहत में वृद्धि के साथ अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों को अभियान चलाकर निपटाया जा रहा है। सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कदम उठा रही है।
यह भी पढ़ें- MP में सहकारी समितियों के चुनाव एक साल टले, पंचायत व नगरीय निकायों में होने के आसार भी कम; जानिए कहां फंसा पेंच
नियमित भर्ती जारी, कर्मचारी संगठनों ने सौंपे मांग पत्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में नियमित पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जारी है और आगे भी भर्ती की जाएगी। कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस दौरान विभिन्न मांगों से जुड़े ज्ञापन सौंपे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारी कल्याण समिति और आयोग का गठन किया गया है, जो कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विषयों और समस्याओं के सभी पहलुओं पर विचार करेंगे।
कार्यक्रम में कर्मचारी मंच के अशोक पांडेय, संविदा कर्मचारी महासंघ के रमेश राठौर सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं का निराकरण कर संवेदनशीलता दिखाई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।