कमल नाथ की घटती सक्रियता के बीच नकुल को आगे लाने की तैयारी, भोपाल में दीपावली मिलन के बहाने जुटेंगे समर्थक
कमल नाथ के समर्थक भोपाल में उनका जन्मदिन मनाने और दीपावली मिलन के बहाने जुट रहे हैं। कांग्रेस में पीढ़ी ...और पढ़ें

होर्डिंग्स निकाले जाने पर नगर निगम कर्मचारियों से आपत्ति जताते कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला। (फोटो- जागरण)
HighLights
नकुल नाथ को प्रदेश की राजनीति में सक्रिय करने का प्रयास।
कमल नाथ की अनुपस्थिति में समर्थक और वरिष्ठ नेता जुटेंगे।
कांग्रेस में पीढ़ी परिवर्तन के बीच नकुल की भूमिका अहम।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के समर्थक शनिवार को भोपाल में जुट रहे हैं। वैसे तो आयोजन दीपावली मिलन और कमल नाथ के 80वें जन्मदिन के नाम पर हो रहा है, लेकिन इसका उद्देश्य कमल नाथ के पुत्र नकुल को राजनीतिक शक्ति देना है।
नकुल छिंदवाड़ा से एक बार सांसद रह चुके हैं और पिछला लोकसभा चुनाव भाजपा के विवेक साहू से हार गए थे। उन्हें प्रदेश कांग्रेस की राजनीतिक मामलों की समिति का सदस्य बनाया गया, लेकिन वह छिंदवाड़ा के बाहर नहीं निकले। अब कमल नाथ समर्थकों को एकजुट करके यह संदेश देने का प्रयास है कि नकुल नाथ के साथ बड़ी टीम है और वह प्रदेश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।
कांग्रेस में पीढ़ी परिवर्तन के बीच नकुल की भूमिका पर नजर
वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के हाथों करारी हार के बाद कांग्रेस ने कमल नाथ के स्थान पर जीतू पटवारी को प्रदेश अध्यक्ष और उमंग सिंघार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाकर पीढ़ी परिवर्तन किया। इसी तारतम्य में डॉ. विक्रांत भूरिया को आदिवासी कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया तो सचिन यादव को उत्तर प्रदेश के चुनाव में वार रूम का जिम्मा दिया गया।
पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह दिल्ली विधानसभा चुनाव में वार रूम संभाल चुके हैं। ओमकार सिंह मरकाम, कमलेश्वर पटेल, कुणाल चौधरी भी राष्ट्रीय संगठन में भूमिका निभा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पुत्र जयवर्धन सिंह प्रदेशभर में सक्रिय हैं, लेकिन कमल नाथ के पुत्र नकुल नाथ इस तरह की भूमिका में कभी नहीं रहे।
यह भी पढ़ें- MP में अब दूर-दराज की बस्तियां भी होंगी रोशन, 20 घरों के मजरा-टोला तक बिजली पहुंचाएगी मोहन सरकार
कमल नाथ की गैरमौजूदगी में जुटेंगे समर्थक और वरिष्ठ नेता
अब चूंकि कमल नाथ की सक्रियता कम हो गई है इसलिए उनके समर्थक भी चाहते हैं कि नकुल नाथ राजनीतिक विरासत संभालें। कमल नाथ की गैर मौजूदगी में होने वाले इस आयोजन को इसी रूप में देखा जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ नेता, विधायक और प्रदेश पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल होंगे। बता दें, भाजपा की भी इस कार्यक्रम पर नजर है।
इस बीच, कार्यकर्ताओं ने आयोजन को लेकर जो होर्डिंग्स लगाए थे, उन्हें शुक्रवार को नगर निगम के अमले ने हटा दिया। इस पर नकुल नाथ ने एक्स पर पोस्ट किया कि सत्ता परिवर्तन के बाद उन अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष समीक्षा होनी चाहिए, जो अपनी संवैधानिक और प्रशासनिक जिम्मेदारियों से आगे बढ़कर किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं। याद रखिए, सत्ता स्थायी नहीं होती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।