शराबबंदी वाले गुजरात में MP से पहुंच रही अवैध शराब, राजनीतिक संरक्षण में फल-फूल रहा कारोबार; देवास कांड ने उजागर किया अंतरराज्यीय नेटवर्क
मध्य प्रदेश के मुरैना, सागर और देवास में जहरीली शराब से हुई मौतों ने अवैध शराब कारोबार को उजागर किया ...और पढ़ें

HighLights
MP में जहरीली शराब से मौतें, अवैध कारोबार जारी।
देवास कांड से मप्र से गुजरात तक शराब तस्करी की परतें खुलीं।
गुजरात में शराबबंदी के कारण MP से शराब की तस्करी बढ़ी।
राज्य ब्यूरो, भोपाल। पिछले कुछ समय में मध्य प्रदेश के मुरैना, सागर और अब देवास जिलों में जहरीली शराब से कई मौतें हो चुकी हैं। इसके बाद भी अवैध शराब का कारोबार थम नहीं रहा है। बीते दिनों गुजरात के लिए शराब की तस्करी में लिप्त एक ट्रक ड्राइवर ने देवास जिले के खातेगांव के थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी को मिनी ट्रक से कुचल दिया। इसमें कांग्रेस का खातेगांव विधानसभा प्रभारी राहुल जायसवाल मुख्य आरोपित है। वह 2018 से 2024 तक हरदा जिला युवक कांग्रेस का अध्यक्ष रह चुका है। गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस ने राहुल जायसवाल को पद से हटा दिया है।
शराब ठेकों की आड़ में तस्करी का नेटवर्क
पुलिस जांच में सामने आया कि वह शराब ठेकों की आड़ में गुजरात तक अवैध शराब की तस्करी का नेटवर्क चला रहा था। इससे यह तो तय हो गया कि शराब के अवैध कारोबार को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। वहीं, देवास के केमिकलयुक्त शराब कांड में इंदौर के कांग्रेस संभागीय प्रवक्ता आनंद कासलीवाल और उनके बेटे अमन कासलीवाल की गिरफ्तारी हुई है, जिन पर इस अवैध कारोबार के लिए केमिकल आपूर्ति करने का आरोप है।
धार, खरगोन, झाबुआ, आलीराजपुर के रास्ते गुजरात तक शराब की सप्लाई
गुजरात में शराबबंदी के कारण मध्य प्रदेश के सीमावर्ती जिलों- इंदौर, धार, झाबुआ और आलीराजपुर से शराब की मांग और तस्करी तेजी से बढ़ी है। गुजरात एक 'ड्राई स्टेट' (पूर्ण शराबबंदी वाला राज्य) है, जिसके कारण वहां अवैध शराब की भारी मांग रहती है। मध्य प्रदेश की डिस्टिलरी (शराब भट्टियों) से बड़े पैमाने पर शराब अवैध रूप से ट्रकों और गुप्त रास्तों के जरिए गुजरात के अहमदाबाद, बड़ौदा और सीमावर्ती जिलों में खपाई जाती है।
इसके अलावा नीमच, मंदसौर, झाबुआ और श्योपुर जिलों की सीमाएं राजस्थान से लगती हैं। इन रास्तों से अक्सर मध्य प्रदेश में बनी सस्ती देसी शराब और स्प्रिट को राजस्थान के ग्रामीण व सीमावर्ती इलाकों में तस्करी के जरिए भेजा जाता है।
भावनगर में शराब से मौतों के तार मप्र से जुड़े थे
गुजरात के भावनगर में भी जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत हो गई थी। इसके तार भी मध्य प्रदेश से जुड़े थे। गुजरात पुलिस ने शराब सप्लाई में उज्जैन कनेक्शन जोड़ा था। यहां के तीन लोगों सहित गुजरात में कुल 21 आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। उज्जैन के बेगमबाग निवासी रईस रफीक अंसारी, बाफना पार्क कॉलोनी निवासी जुबेर और अर्जुन सिंह गोहिल के नाम सामने आए थे। इनमें रईस रफीक लंबे समय से भावनगर में रह रहा था, घटना के बाद भागकर उज्जैन आ गया था। रईस को गिरफ्तार कर पुलिस गुजरात ले गई थी।
यह भी पढ़ें- खातेगांव कांड: एसआईटी पर फायरिंग कर भाग रहे आरोपित ड्राइवर गजेंद्र का एनकाउंटर, पैर में लगी गोली
पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर जहरीली शराब तैयार करने, शराब की बोतलों पर फर्जी स्टीकर लगाने और उसकी आपूर्ति करने के आरोप हैं। तराना विधायक महेश परमार ने गुजरात में जब्त शराब की 28 पेटियों पर उज्जैन आबकारी विभाग की सील और मुहर मिलने संबंधी मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में पता चला है कि अवैध शराब कारोबारी पूरा ट्रक ले जाने की जगह शराब को जंगल या अन्य सुनसान जगह पर रख देते थे। आरोपियों के नेटवर्क में शामिल गुजरात के लोग शराब को दोपहिया वाहनों से लेकर जाते थे। कुछ और आरोपित भी जांच के दायरे में हैं।
-आदित्य मिश्रा, पुलिस अधीक्षक, देवास
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।