विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP में पंचायत से नगर निगम तक महिलाओं की मजबूत पकड़, आरक्षण से आगे बढ़कर 52.84% तक पहुंची भागीदारी

Published: Fri, 27 Nov 2026 06:01 PM (IST)

मध्य प्रदेश में नगरीय निकायों और पंचायतों में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी आरक्षण के 50% से भी आगे बढ़कर मजबूत हुई है। हालांकि, विधानसभा और संसद में उनका प्रतिनिधित्व अब भी काफी कम है, जो स्थानीय और बड़े राजनीतिक सदनों के बीच भागीदारी में अंतर को दर्शाता है।

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. पंचायत चुनाव में 52.84% महिला प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की।

  2. आठ नगर निगमों में महिला महापौर, 7,680 महिला पार्षद चुनी गईं।

  3. विधानसभा में केवल 27 महिला विधायक, संसद में भी सीमित हिस्सेदारी।

राज्य ब्यूरो, भोपाल। लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की चर्चाओं के बीच मध्य प्रदेश से महिला राजनीतिक भागीदारी की एक दिलचस्प तस्वीर सामने आई है। प्रदेश के नगरीय निकायों और पंचायतों में महिलाएं न केवल आरक्षण के निर्धारित 50 प्रतिशत के दायरे तक पहुंची हैं, बल्कि कई जगह इससे आगे भी निकल गई हैं। इसके उलट विधानसभा और संसद में महिलाओं का प्रतिनिधित्व अब भी काफी कम है। आंकड़े बताते हैं कि स्थानीय सरकारों में महिलाओं की मजबूत मौजूदगी के बावजूद बड़े राजनीतिक सदनों में उनकी हिस्सेदारी बढ़ाने की चुनौती बनी हुई है।

पंचायत चुनाव में 52.84 प्रतिशत महिलाएं निर्वाचित

वर्ष 2022 में हुए पंचायत चुनाव में प्रदेशभर में 52.84 प्रतिशत महिला प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में 11,683 महिलाएं सरपंच चुनी गईं, जबकि पंच पदों पर 1,93,284 महिलाओं ने जीत हासिल की।

इसके अलावा 179 महिलाएं जनपद पंचायत अध्यक्ष, 3,425 जनपद पंचायत सदस्य, 26 जिला पंचायत अध्यक्ष और 444 जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुईं। इन आंकड़ों से स्पष्ट है कि ग्रामीण स्तर पर राजनीतिक और प्रशासनिक निर्णयों में महिलाओं की भागीदारी लगातार मजबूत हुई है।

आठ नगर निगमों में महिला महापौर, 7,680 महिला पार्षद

नगरीय निकायों के चुनाव में भी महिलाओं ने अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। प्रदेश के 16 नगर निगमों में से आठ में महिला महापौर चुनी गईं। इसी तरह 50 नगर पालिकाओं में महिला अध्यक्ष और 149 नगर परिषदों में महिला अध्यक्षों ने जिम्मेदारी संभाली। नगरीय निकायों में महिला पार्षदों की संख्या 7,680 रही।

इस तरह पंचायतों से लेकर शहरों की सरकार तक महिला जनप्रतिनिधियों की भागीदारी ने स्थानीय राजनीति में उनकी भूमिका को मजबूत किया है।

विधानसभा में सिर्फ 27 महिला विधायक

स्थानीय निकायों की तुलना में विधानसभा और लोकसभा की तस्वीर काफी अलग है। मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा में फिलहाल 27 महिला विधायक हैं। यह कुल सदस्यों का महज 11.7 प्रतिशत है। इनमें भाजपा की 21 और कांग्रेस की छह महिला विधायक शामिल हैं।

चुनाव में टिकट वितरण के आंकड़े भी राजनीतिक दलों की सीमित पहल को उजागर करते हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 28 और कांग्रेस ने 30 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया था। दोनों दलों का महिला प्रत्याशियों को टिकट देने का औसत 15 प्रतिशत के आसपास ही रहा।

यह भी पढ़ें- 'टिकट देने की औकात किसकी' बयान पर उमा भारती की सफाई, अब कहा- यह मेरा अहंकार नहीं... योग्यता से मिलती है जिम्मेदारी

लोकसभा और राज्यसभा में भी सीमित हिस्सेदारी

संसद में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली महिलाओं की संख्या भी बहुत अधिक नहीं है। प्रदेश से राज्यसभा के 11 सदस्यों में तीन महिलाएं हैं, जबकि लोकसभा की 29 सीटों में से छह पर महिला सांसद प्रतिनिधित्व कर रही हैं।

इससे साफ है कि स्थानीय निकायों में आरक्षण के जरिए महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिला है, लेकिन विधानसभा और लोकसभा तक उनकी राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के लिए अभी लंबा रास्ता तय करना बाकी है।

निर्णय प्रक्रिया में बढ़ती भागीदारी से आत्मविश्वास मजबूत

समाजशास्त्री शशांक शेखर के अनुसार, महिला आरक्षण को केवल राजनीतिक सीटों तक सीमित करके नहीं देखना चाहिए। इसका प्रभाव महिलाओं की पारिवारिक और सामाजिक भूमिका पर भी पड़ता है। जब महिलाएं स्थानीय स्तर पर नेतृत्व और निर्णय लेने की जिम्मेदारी संभालती हैं, तो उनकी निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी बढ़ती है। इससे आत्मविश्वास मजबूत होता है और समाज में उनकी भूमिका का विस्तार होता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।