विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP Weather: पूर्वी इलाकों में फिर बदला मौसम का मिजाज, रीवा-जबलपुर समेत 16 जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार

Published: Wed, 07 Oct 2026 03:36 PM (IST)

मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई के बाद भी पूर्वी हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला है। अगले 24 घंटों ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. 16 जिलों में बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना।

  2. पूर्वी मध्य प्रदेश में अगले 5 दिनों तक जारी रह सकती है बारिश।

  3. रीवा संभाग में अधिकतम तापमान में 3.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई हो चुकी है। हालांकि पूर्वी मप्र मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान 16 जिलों में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई है। हालांकि, प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।

इन जिलों में बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, मैहर, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, पन्ना और छतरपुर जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है।

कुरई में सबसे ज्यादा 18 मिमी वर्षा

पिछले 24 घंटे में प्रदेश के भोपाल, रीवा, जबलपुर और शहडोल संभाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य संभागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक सिवनी जिले के कुरई में सर्वाधिक 18 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा अनूपपुर के कोतमा में 14 मिमी और सिंगरौली में 10 मिमी पानी गिरा।

विदिशा, सतना, रीवा, सिंगरौली, अनूपपुर, डिंडोरी, छिंदवाड़ा और सिवनी में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं।

रीवा संभाग में 3.5 डिग्री तक गिरा तापमान

बारिश और बादलों के असर से रीवा संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान में 3.5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं प्रदेश के अन्य संभागों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ।

ये वेदर सिस्टम सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की रेखा लगातार आगे बढ़ रही है। इसी बीच दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे छत्तीसगढ़ के ऊपर निचले स्तर पर बना ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश से बंगाल की खाड़ी की ओर बना ट्रफ उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश से होकर गुजर रहा है। इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश के पूर्वी हिस्से में स्थानीय स्तर पर बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां हो रही हैं।

यह भी पढ़ें- MP Weather: उत्तरी हवाओं से बदल रहा मौसम का मिजाज, पन्ना-जबलपुर समेत 17 जिलों में फुहारें पड़ने के आसार

फिलहाल मौसम में खास बदलाव के आसार नहीं

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान प्रदेश के मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान जताया है। ऐसे में पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में रुक-रुककर बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं, जबकि प्रदेश के अन्य इलाकों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।