MP Weather: मानसून की विदाई के बाद बढ़ी गर्मी, रायसेन में पारा 37 डिग्री; 7 अक्टूबर से फिर पड़ सकती हैं फुहारें
मानसून की विदाई के बाद मध्य प्रदेश में गर्मी बढ़ गई है, रायसेन में पारा 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
मानसून की विदाई से मध्य प्रदेश में तापमान में वृद्धि।
रायसेन में पारा 37 डिग्री सेल्सियस, प्रदेश का सबसे गर्म।
7 अक्टूबर से पूर्वी मध्य प्रदेश में हल्की बारिश की उम्मीद।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश से मानसून की विदाई के साथ ही मौसम ने करवट ले ली है। आसमान साफ होने के बाद रविवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा और तेज धूप ने गर्मी बढ़ा दी। अधिकांश इलाकों में दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई, जबकि रात का पारा भी करीब 1 से 1.5 डिग्री चढ़ गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 7 अक्टूबर से पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश का दौर फिर शुरू हो सकता है।
रायसेन सबसे गर्म, 37 डिग्री पहुंचा पारा
रविवार को रायसेन प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.6 डिग्री अधिक रहा। ग्वालियर में भी तापमान 37.2 डिग्री, धार में 36.2 डिग्री, जबकि भोपाल और इंदौर में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। छिंदवाड़ा में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
वर्तमान में प्रदेश के 15 जिलों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। 12 जिलों में तापमान सामान्य रहा, जबकि खरगोन एकमात्र ऐसा जिला रहा जहां पारा सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।
ग्वालियर-सतना में तेज हवा, बैतूल में छाए बादल
रविवार को ग्वालियर और सतना में दिन के दौरान तेज हवाएं चलीं। वहीं स्थानीय स्तर पर बने बादलों के कारण बैतूल में आसमान पर बादल छाए रहे। हालांकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क बना रहा।
7 अक्टूबर से इन जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों में प्रदेश के मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद 7 अक्टूबर से पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इनमें पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, कटनी, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर जैसे जिले शामिल हैं। इसके अलावा 8 और 9 अक्टूबर को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। यानी मानसून की विदाई के बाद फिलहाल गर्मी बढ़ रही है, लेकिन पूर्वी मध्य प्रदेश में अगले सप्ताह मौसम फिर बदल सकता है।
यह भी पढ़ें- MP की दहलीज पर मानसून की विदाई रेखा, दिन में गर्मी-रात में घुली हल्की ठंडक; जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम
प्रदेश के चार बड़े शहरों का तापमान
शहर -- अधिकतम -- न्यूनतम
भोपाल -- 35.4 -- 18.2
इंदौर -- 35.8 -- 17.6
ग्वालियर -- 37.2 -- 24.6
जबलपुर -- 34.8 -- 20.1
नोट -- तापमान डिग्री सेल्सियस में
